बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में भाई के साथ हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंचे युवक पर तब्बल से हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उसे अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स रेफर किया गया। घायल के परिजन ने कोटा थाने में घटना की शिकायत की है।
लारीपारा छेरकाबांधा का रहने वाला जय प्रकाश किसान है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम गांव का अबला साहू उर्फ छोटा उनके छोटे भाई से विवाद कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर जय प्रकाश मौके पर पहुंचे। जय प्रकाश ने दोनों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया और उन्हें घर भेज दिया। इसी दौरान बिजली गुल हो गई।
इसी दौरान बिजली गुल हो गई। आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर अबला साहू अपने घर से तब्बल लेकर आया और जय प्रकाश पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। इसके बाद घायल जय प्रकाश को अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर होने पर सिम्स रेफर कर दिया।
घायल ने आरोपी को बताया आदतन बदमाश
जय प्रकाश ने आरोप लगाया कि अबला साहू उर्फ छोटा के खिलाफ पहले भी कोटा थाने में कई शिकायतें हो चुकी हैं। इसके बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बढ़े हुए हैं और वह लोगों को परेशान करता है।
गिरफ्तारी नहीं होने पर लोगों में नाराजगी
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि पुलिस आरोपी को जानबूझकर गिरफ्तार नहीं कर रही है। उनका कहना है कि अबला साहू पहले भी मोहल्ले के लोगों को परेशान करता रहा है और उसके खिलाफ शिकायतें की जा चुकी हैं।
इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि इसी वजह से उसने जय प्रकाश पर हमला किया। फिलहाल पुलिस आरोपी को फरार बता रही है। स्थानीय लोगों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।