बेमेतरा में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, कथित वोट चोरी की स्वतंत्र जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध मार्च निकाला। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतले जलाए। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का भाजपा के पक्ष में इस्तेमाल किया जा रहा है। राहुल गांधी लगातार कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
आशीष छाबड़ा ने चुनाव आयुक्त पर लगाए आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। कांग्रेस पहले भी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाती रही है। कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों और मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।
निष्पक्ष जांच की मांग
पूर्व संसदीय सचिव और पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे ने भी प्रदर्शन को संबोधित किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कथित वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच होनी चाहिए।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
प्रदर्शन में पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आशीष छाबड़ा, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने कहा कि मांगों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।