अमलीपदर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, क्षेत्रवासियों की लंबे समय की मांग पूरी होने की दिशा में भाजपा सरकार का बड़ा कदम: देवेन्द्र ठाकुर

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। गरियाबंद जिले के अमलीपदर क्षेत्र को विकासखंड बनाए जाने की मंजूरी की खबर सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा किसान मोर्चा छत्तीसगढ़ के प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह ठाकुर ने अमलीपदर सहित आसपास के समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई दी हैं।

देवेंद्र सिंह ठाकुर ने राष्ट्रपति जी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि अमलीपदर जैसे दूरस्थ क्षेत्र को विकासखंड का दर्जा मिलने से क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

लंबे समय से उठ रही थी विकासखंड की मांग

अमलीपदर क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार और विकासखंड की मांग करते रहे हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अमलीपदर को विकासखंड का दर्जा मिलने से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए दूरस्थ क्षेत्रों की ओर जाने की परेशानी कम हो सकती है। अमलीपदर को पहले ही तहसील का दर्जा मिल चुका है। जिला प्रशासन की वेबसाइट पर अमलीपदर को मैनपुर अनुभाग के अंतर्गत तहसील के रूप में दर्ज किया गया है।

अब विकास को मिलेगी नई रफ्तार

देवेंद्र ठाकुर ने कहा कि विकासखंड केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं होता, बल्कि इससे क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, रोजगार और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को स्थानीय स्तर पर मजबूती मिलने की उम्मीद रहती है।उन्होंने कहा कि अमलीपदर क्षेत्र भौगोलिक रूप से दूरस्थ होने के कारण यहां के ग्रामीणों को कई बार छोटी-छोटी प्रशासनिक जरूरतों के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में विकासखंड स्तर की व्यवस्था क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा

क्षेत्रवासियों की खुशी में शामिल हुए देवेंद्र ठाकुर

भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि अमलीपदर और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों के लिए यह खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लंबे समय से मांगें उठती रही हैं और अब प्रशासनिक स्तर पर विस्तार की दिशा में कदम बढ़ना क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने अमलीपदर क्षेत्र के किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और ग्रामीणों सहित सभी क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले समय में अमलीपदर को विकास की नई पहचान मिले, यही उनकी कामना है।

राष्ट्रपति और सरकार का जताया आभार

देवेंद्र ठाकुर ने कहा कि भाजपा की सोच के अनुरूप दूरस्थ अंचलों को प्रशासनिक सुविधाओं से जोड़ना ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि विकासखंड स्तर की व्यवस्था शुरू होने के बाद अमलीपदर क्षेत्र में शासकीय योजनाओं की पहुंच, प्रशासनिक सुविधा और विकास कार्यों को और गति मिलेगी और बिंद्रानवगढ़ क्षेत्र विकसित होगा।