बिलासपुर जिले के पिकनिक स्पॉट औपर पर्यटन स्थल के आसपास जंगल में छिपकर बदमाशों ने बैंककर्मी युवती और उसके दोस्त के साथ मारपीट की

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर जिले के पिकनिक स्पॉट औपर पर्यटन स्थल के आसपास जंगल में छिपकर बदमाशों ने बैंककर्मी युवती और उसके दोस्त के साथ मारपीट की। मोबाइल और पर्स वगैरह लूट लिए। पुलिस ने लूटपाट करने वाले नाबालिग समेत तीन बदमाश युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, शहर की रहने वाली बैंक कर्मी 23 सितंबर को अपने साथियों के साथ बैंक के काम से कोटा आई थी। काम खत्म होने के बाद सभी कोरी डैम घूमने चले गए। इसी दौरान स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके दोस्त के साथ बेरहमी से मारपीट कर उसका बैग और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।

युवती की शिकायत पर आरोपियों की तलाश कर रही थी पुलिस

बैंक कर्मी युवती की शिकायत पर कोटा थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और कोटा पुलिस ने टेक्निकल इनपुट खंगाले। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नाका चौक के पास तीन लड़के स्कूटी पर घूमते हुए लूटा हुआ मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहे हैं। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ लिया।

मोबाइल बेचने के फिराक में पकड़ाए आरोपी

लूटपाट के बाद युवक मोबाइल को अपने पास रखे रहे, जिसके बाद उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश करने लगे। इधर, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान कोटा के कुंवारीमुड़ा निवासी गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29) पिता परविंदर सिंह और रतनपुर क्षेत्र के घासीपुर निवासी रामजी यादव (38) पिता मनहरण लाल यादव व एक नाबालिग बालक को पकड़ लिया।

पूछताछ में तीनों ने लूट की बात कबूल कर ली। दोनों बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल और नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।