बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र के ग्राम परसबोड़ में शुक्रवार रात तेज रफ्तार कार और छोटे हाथी वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में छोटे हाथी में सवार 56 वर्षीय जीवनलाल पटेल घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई है। डायल 112 की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, जीवनलाल पटेल दुर्ग से सामान लेकर साजा आए थे। सामान पहुंचाने के बाद वे छोटे हाथी वाहन CG 07 BT 9254 से कोदवा मार्ग होते हुए दुर्ग लौट रहे थे। इसी दौरान परसबोड़ में एक्सिस बैंक के आगे मोड़ के पास सामने से आ रही कार CG 04 PM 5348 ने उनके वाहन को टक्कर मार दी।
जीवनलाल के मुताबिक, उन्होंने अपना वाहन सड़क किनारे कर लिया था, इसके बावजूद तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उन्हें सिर में चोट आई और छोटे हाथी वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचा। उन्होंने वाहन में करीब 40 से 50 हजार रुपए का नुकसान होने की बात कही है।
कार में चार युवक सवार थे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में चार युवक सवार थे। हादसे के बाद इनमें से एक मौके से फरार हो गया, जबकि तीन को अस्पताल ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने कार सवारों के नशे में होने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि कार से शराब की बोतलें और कुछ पहचान पत्र भी मिले हैं। हालांकि, कार सवार नशे में थे या नहीं, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी।
दो युवकों के सरकारी कर्मचारी होने की चर्चा
स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि कार में सवार युवकों में से दो सरकारी कर्मचारी हैं। इनमें एक के पुलिस विभाग में सिपाही और दूसरे के किसी अन्य सरकारी विभाग में पदस्थ होने की बात कही जा रही है। हालांकि, अभी उनके नाम और पद की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल जीवनलाल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे की असली वजह, कार सवारों की पहचान, उनके नशे में होने और फरार युवक के बारे में पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी।