छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 1 हजार रुपए के लिए युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। कैलाश यादव (30) ने अपने साथी राजेश दास (29) को 6 हजार रुपए में सेकंड हैंड मोबाइल दिया था। साथी ने 5 हजार रुपए लौटा दिए थे। 1 हजार रुपए बाकी थे, जो उसने नहीं लौटाए थे।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद था। इससे नाराज आरोपी राजेश दास को अपनी कार में बिठाकर जंगल ले गया, जहां उसने लकड़ी के फाड़े से राजेश दास का सिर फोड़ दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी ने शव को गहरे गड्ढे में फेंक दिया। खून से सने अपने कपड़े और मृतक का मोबाइल नदी में फेंक दिया। कार पर आए खून के छींटों को नदी के पानी से साफ किया। 1 हफ्ते बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस दौरान आरोपी थाने से हंसता हुआ बाहर निकलता दिखाई दिया।
जंगल में खून से सनी मिली थी लाश
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास एक अज्ञात पुरुष का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा किया।
मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहन रखा था। उसके सिर के पीछे चोट के निशान और खून दिखाई दे रहा था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ के बाद दोस्त पर हुआ शक
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के गांवों में मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके बाद मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी राजेश दास (29) के रूप में हुई। वह खेती-किसानी करता था। पूछताछ में पुलिस को राजेश के दोस्त कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर शक हुआ। वह ग्राम झगरपुर का रहने वाला था और खेती का काम करता था।
1000 रुपए बकाया को लेकर था विवाद
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी कृष्णा ने राजेश को ओप्पो कंपनी का मोबाइल 6 हजार रुपए में बेचा था। राजेश ने उसे 5 हजार रुपए दिए थे। 1 हजार रुपए बकाया थे। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।