छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तेंदुआ एक घर में घुस गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात तेंदुआ एक घर में घुस गया। तेंदुए ने परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में चार पुरुष और दो महिलाएं घायल हुई हैं। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तेंदुए ने एक महिला के चेहरे को भी बुरी तरह नोंच दिया। हमले के बाद परिवार ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। रायपुर जंगल सफारी से पहुंची टीम ने तेंदुए का रेस्क्यू किया।

घायल परिवार के सदस्यों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। तीन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया, जबकि तीन घायलों का इलाज जारी है। घटना बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी की है।

पहले बाथरूम जाने निकली महिला पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, रात करीब 1.30 बजे उत्तरी बाई (55) बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। उत्तरी बाई के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे।

इसी दौरान तेंदुआ घर के अंदर घुस गया और एक-एक कर सरजु यादव (60), जनक यादव (36), मनीष यादव (18), कषार यादव (14) और सुनीता यादव (32) पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया।

इसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को घर से दूर रहने की सलाह दी।

सभी 6 घायलों को अस्पताल पहुंचाया, 3 रायपुर रेफर

तेंदुए के हमले में घायल सभी छह लोगों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद सभी को महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। यहां तीन घायलों की हालत गंभीर पाए जाने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।

रायपुर की टीम ने किया रेस्क्यू

इधर, सूचना मिलते ही वन विभाग ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। वहीं, रायपुर जंगल सफारी से 10 सदस्यीय टीम झिटकी पहुंची। टीम ने कमरे में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ लिया। अब तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद वन अधिकारी आगे की कार्रवाई तय करेंगे।