छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गुंडा और निगरानी बदमाशों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गुंडा और निगरानी बदमाशों पर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। हर महीने की पहली तारीख को थाने में हाजिरी लगाने के निर्देश के बाद 1 अक्टूबर को शहर के कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्रों के बदमाश थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें अपनी गतिविधियों और जीवन-यापन के साधनों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने चक्रधरनगर थाना परिसर में कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल क्षेत्र के निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों, माफी बदमाशों और पूर्व में झगड़ा-विवाद में शामिल रहे लोगों को बुलाया था।

इस दौरान उन्हें हर महीने की पहली तारीख को संबंधित थाने में उपस्थित होकर हाजिरी देने और अपनी गतिविधियों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए थे।

नवरात्रि में छेड़खानी करने वालों पर होगी कार्रवाई

सीएसपी राहुल उईके ने हाजिरी देने पहुंचे बदमाशों को नवरात्रि के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि शहर में गरबा, डांडिया और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां शामिल होंगी। ऐसे में छेड़खानी, छींटाकशी, अभद्र व्यवहार, मारपीट या विवाद की शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।

अब समझाइश नहीं, अपराध पर सीधे कार्रवाई

सीएसपी ने स्पष्ट किया कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों को केवल समझाइश देकर नहीं छोड़ा जाएगा। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बदमाशों को आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने और शांतिपूर्ण तरीके से जीवन-यापन करने की हिदायत दी है।

गतिविधियों पर पुलिस की नजर

पुलिस के अनुसार, संबंधित लोगों के आवागमन और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सभी को हर महीने की पहली तारीख को संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से हाजिरी देने के निर्देश दिए गए हैं।