छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सोमवार को SDM कार्यालय में कार्रवाई की। टीम ने भू-अर्जन शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 पुनेश्वर सूर्यवंशी को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। आरोप है कि कन्हारपुरी में प्लॉट के डायवर्शन के लिए कार्यालय की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। जैसे ही पुनेश्वर सूर्यवंशी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। वहीं एसीबी की टीम एसडीएम कार्यालय से आरोपी बाबू को हिरासत में लेकर निकल गई है। कार्रवाई के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसे 15 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
प्लॉट डायवर्शन के लिए मांगी गई थी रिश्वत
शिकायतकर्ता प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि उन्होंने कन्हारपुरी में 20/66 नंबर के एक प्लॉट के डायवर्शन के लिए आवेदन किया था। प्रकाश का आरोप है कि डायवर्शन का काम करने के एवज में SDM कार्यालय के बाबू ने उनसे पहले 40 हजार रुपए की मांग की।
प्रकाश के मुताबिक, बातचीत के बाद रिश्वत की रकम 20 हजार रुपए तक पहुंची। इसके बाद SDM के कार्यालय से चले जाने के बाद उनसे 10 हजार रुपए देने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि पिछले करीब सात दिनों से उनसे पैसों की मांग की जा रही थी।