रायगढ़ जिले में लगातार हो रही बाइक चोरी के बीच घरघोड़ा पुलिस ने 3 चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की स्कूटी पर सवार होकर दोबारा वाहन चोरी करने के लिए रेकी कर रहे थे। गिरोह में 2 सगे भाई और उनका चचेरा भाई शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 4 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब 3 लाख रुपए है।
मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, घरघोड़ा निवासी सुनील शर्मा (46) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर की दोपहर उसके घर के सामने खड़ी TVS जुपिटर स्कूटी चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान घरघोड़ा में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी हुई TVS जुपिटर स्कूटी पर सवार तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मिलन दास महंत (30), निवासी ग्राम पुसल्दा, थाना छाल, उसके छोटे भाई हरिशंकर महंत (24) और उनके चचेरे भाई कन्हैया दास महंत (37), निवासी वार्ड क्रमांक 13, महंत मोहल्ला डभरा, जिला सक्ती के रूप में हुई।
गिरोह में एक बाइक मैकेनिक और दूसरा ड्राइवर
पुलिस तीनों संदिग्धों को थाने लेकर आई और पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की स्कूटी लेकर क्षेत्र में दोबारा मोटरसाइकिल चोरी करने के लिए रेकी कर रहे थे। मिलन दास महंत ने बताया कि उसका छोटा भाई हरिशंकर महंत मोटरसाइकिल मैकेनिक है।
वहीं कन्हैया दास महंत उसका बुआ का बेटा है और सक्ती क्षेत्र में ड्राइवरी का काम करता है।
अलग-अलग जगहों से चुराए दोपहिया वाहन
पुलिस के मुताबिक, मोटरसाइकिल के कल-पुर्जों और वाहनों की जानकारी होने के कारण तीनों ने मिलकर वाहन चोरी कर उन्हें बेचने की योजना बनाई थी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मई 2026 में बरभौना चौक, छाल के पास से एक एनएक्सजी मोटरसाइकिल चोरी की थी।
करीब तीन महीने पहले घरघोड़ा के नवापारा चौक से चाबी लगी हालत में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। इसके अलावा करीब दो महीने पहले बोजिया, छाल स्थित मस्जिद के पास से हीरो स्प्लेंडर प्लस और एनएक्सजी मोटरसाइकिल चोरी की थी।
चोरी की स्कूटी से फिर वाहन चोरी करने निकले थे
आरोपियों ने 18 सितंबर को घरघोड़ा में एक घर के बाहर चाबी लगी हालत में खड़ी TVS जुपिटर स्कूटी चोरी की थी। इसी स्कूटी पर सवार होकर तीनों फिर वाहन चोरी की तलाश में घूम रहे थे। इसी दौरान वाहन जांच करते समय पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
सुपेला थाने में भी दर्ज था चोरी का केस
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद बुलेट को सशक्त मोबाइल ऐप के जरिए चेक किया। जांच में पता चला कि बुलेट के संबंध में थाना सुपेला, जिला दुर्ग में वाहन चोरी का केस दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के कुल 4 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए है। तीनों आरोपियों को वाहन चोरी के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।