छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शादीशुदा गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड को मिलने के लिए बुलाया, फिर अपने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शादीशुदा गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड को मिलने के लिए बुलाया, फिर अपने पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। कुल्हाड़ी से उसके शव के कई टुकड़े किए, फिर पहचान और सबूत मिटाने के लिए सिर और धड़ अलग-अलग जगह फेंक दिए।

वसीम अंसारी (35) का कटा सिर झाड़ियों के पास एक गड्ढे में दफन मिला। जबकि धड़ 200 मीटर दूर गड्ढे में मिला। अब पुलिस ने कोटडीह के रहने वाले सोनू खैरवार (30) और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार (25) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना पस्ता थाना क्षेत्र की है।

अब जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक कोदौरा गांव का रहने वाला वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा से घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आया, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे उसकी एक्टिवा मक्का बाड़ी के पास मिली, लेकिन वसीम का पता नहीं चला। इसके बाद 3 अक्टूबर को भाई अमीम अंसारी ने डौरा चौकी में गुमशुदगी दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास गड्ढे में कटा हुआ सिर दफन होने की सूचना मिली। पुलिस ने वसीम के भाई से पहचान कराई। भाई ने सिर की पहचान वसीम के रूप में की। जबकि धड़ वहां से गायब था।

पुलिस ने संदेही पति-पत्नी को उठाया

पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान ग्राम कोटडीह निवासी सोनू खैरवार और उसकी पत्नी मनबासो खैरवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों के हत्या में शामिल होने की बात सामने आई।

मनबासो का शादी से पहले वसीम से अवैध संबंध था। इसकी जानकारी पति को होने पर अक्सर विवाद होता था। जिसके बाद मनबासो उसे अफेयर खत्म करना चाहती थी, लेकिन वसीम उससे जबरन संबंध बनाए रखना चाहता था। इसलिए दंपती ने हत्या की साजिश रची।

गर्लफ्रेंड ने मिलने बुलाया, फिर मार डाला

2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे महिला ने फोन कर वसीम को जंगल के पास मिलने बुलाया। वसीम के पहुंचने पर मनबासो और सोनू ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हत्या के बाद शव के सिर और धड़ को अलग-अलग जगह फेंक दिया गया। 5 अक्टूबर को उसका कटा सिर झाड़ियों के पास गड्ढे में और धड़ 200 मीटर दूर गड्ढे में मिला।