कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पति पर पत्नी को जान से मारने की नीयत से सूखे कुएं में धक्का देने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में पति पर पत्नी को जान से मारने की नीयत से सूखे कुएं में धक्का देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि राजेंद्र कुंजाम (40) ने पैसे मांगने की बात को लेकर विवाद के बाद अपनी पत्नी सुनीता कुंजाम को घर के पास स्थित पुराने कुएं में धक्का दे दिया।

करीब 32 फीट गहरे कुएं में गिरने से महिला की कमर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पति-पत्नी खेती-किसानी का काम करके करीब रात 10 बजे घर लौटे थे। इसके बाद राजेंद्र घर से करीब 40 फीट दूर गांव के पुराने कुएं के पास जाकर बैठ गया। इसी दौरान सुनीता पैसे मांगने के लिए वहां पहुंची। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में राजेंद्र ने सुनीता को सूखे कुएं में धक्का दे दिया।

पेड़ पकड़कर बचने की कोशिश, फिर गिराने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, कुएं में गिरने से बचने के लिए सुनीता ने कुएं के पास लगे पेड़ को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि राजेंद्र ने पैर से धक्का देकर उसे नीचे गिरा दिया। महिला की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई। ग्रामीणों ने बताया कि यह गांव का काफी पुराना कुआं है और इसकी गहराई करीब 32 फीट है।

कमर में गंभीर चोट, अस्पताल में भर्ती

कुएं में गिरने से सुनीता की कमर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल कांकेर रेफर किया गया है। उनकी कमर पर पट्टी लगाई गई है और उपचार जारी है।

भाई की शिकायत पर मामला दर्ज

चारामा थाना में महिला के बड़े भाई नरेन्द्र कोडोपी (54), पिता छबिलाल कोडोपी, निवासी दरगहन ने रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उनकी छोटी बहन सुनीता के साथ उसके पति राजेंद्र कुंजाम, निवासी चारभाटा ने गाली-गलौज और मारपीट की और जान से मारने की नीयत से घर के पास स्थित सूखे कुएं में धक्का दे दिया।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

चारामा थाना प्रभारी सुरेश कुमार राठौर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी राजेंद्र कुंजाम, पिता रमेश कुंजाम, उम्र 40 वर्ष, निवासी चारभाटा, थाना चारामा, जिला कांकेर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 211/2026 दर्ज कर BNS की धारा 296, 115(2) और 109 के तहत विवेचना शुरू की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।