मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 27 मवेशियों को छुड़ाया है। इनमें 21 बैल और 6 बछड़े शामिल हैं। मवेशियों को ट्रक में ठूंसकर और तिरपाल से ढककर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर महाराष्ट्र के रहने वाले आरोपी यशवंत मरसकोले (30) को गिरफ्तार किया है। जब्त मवेशियों और ट्रक की कुल कीमत 17.96 लाख रुपए बताई गई है।
ईटोड़ा चौक पर पुलिस ने रोका ट्रक
यह कार्रवाई 7 अक्टूबर को पाटनखास पुलिस ने की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में मवेशियों को बेरहमी से भरकर महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने ईटोड़ा चौक पर नाकेबंदी की।
इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर ड्राइवर ने तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर ट्रक को रोक लिया।
तिरपाल के नीचे ठूंसकर रखे थे मवेशी
पुलिस ने ट्रक (MP 07 HB 7707) की तलाशी ली तो उसके डाले में पीले रंग के तिरपाल के नीचे 21 बैल और 6 बछड़े मिले। सभी 27 मवेशियों को काफी कम जगह में ठूंसकर रखा गया था। पुलिस ने मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें सुरक्षित गौशाला भेज दिया।
महाराष्ट्र के रहने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में यशवंत मरसकोले (30), निवासी नायकुंड, तहसील पारशिवनी, जिला नागपुर (महाराष्ट्र) को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 और मोटरयान अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
ट्रक समेत 17.96 लाख रुपये की सामग्री जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक आइशर ट्रक और 27 मवेशियों को जब्त किया है। इनमें 21 बैलों की कीमत 84 हजार रुपए और 6 बछड़ों की कीमत 12 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं, ट्रक की कीमत 17 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत 17 लाख 96 हजार रुपए है।