दुर्ग जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। भिलाई के साथ रिसाली, भिलाई-चरोदा और जामुल नगर पालिका में चुनाव को लेकर दोनों पार्टियां लगातार बैठकें कर कार्यकर्ताओं को साध रही हैं। वहीं, इसी बीच जिला प्रशासन ने भी चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है।

भिलाई नगर निगम ने चुनाव व्यवस्था, मतदान दलों की रवानगी, मतगणना केंद्र और कर्मचारियों की ड्यूटी से जुड़े महत्वपूर्ण आदेश आ चुके हैं। मतदान सामग्री के वितरण से लेकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी और मतगणना तक की व्यवस्था कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 भिलाई नगर से की जाएगी। वहीं, मतदाता सूची तैयार करने और दावा-आपत्ति की प्रक्रिया से जुड़े BLO और प्राधिकृत अधिकारियों के प्रशिक्षण का स्थान भी बदल दिया गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग के स्तर पर दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। आयोग ने निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्यक्रम जारी किया है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर को प्रस्तावित है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव की तैयारियों के बीच स्थानीय निकायों में प्रशासनिक गतिविधियां भी बढ़ गई हैं।

भिलाई निगम आयुक्त की ओर से उप जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे गए पत्र के अनुसार, आगामी निकाय चुनाव में महापौर और वार्ड पार्षद पदों के नाम निर्देशन पत्र भिलाई निगम के महापौर कार्यालय में प्राप्त किए जाएंगे।

मतदान के लिए जरूरी सामग्री का वितरण, मतदान दलों की रवानगी और मतदान के बाद उनकी वापसी की व्यवस्था कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सेक्टर-7 में होगी। मतगणना भी इसी कॉलेज में कराई जाएगी। इस व्यवस्था के तहत मतदान से पहले सामग्री वितरण और दलों की रवानगी से लेकर मतगणना तक के लिए एक प्रमुख केंद्र निर्धारित किया गया है।

नए मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची में छूटे हुए मतदाताओं और पहली बार वोट देने वाले युवाओं के नाम शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत BLO और BLO पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देकर मतदाता सूची तैयार करने, नाम जोड़ने और दावा-आपत्ति से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी देने की व्यवस्था की गई है।

बीएलओ की ट्रेनिंग पूरी, अब अगले चरण की तैयारी

दुर्ग जिले में भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा नगर निगम के अलावा जामुल में चुनाव होने हैं। इसको लेकर अब जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू हो गई है। हाल ही में दुर्ग में चुनाव की तैयारियों को लेकर बीएलओ की ट्रेनिंग संपन्न हुई है। अब प्रशासन की ओर से अगले चरण की तैयारियां की जा रही है।

वार्डों में जाकर काम गिनवा रहे पार्षद

इधर, चुनाव शुरू होते ही वार्डों से गायब पार्षद अब शहर की गलियों में दिखने लगे हैं। भिलाई नगर निगम के पार्षद वार्डों में जाकर कामों को गिनवा रहे हैं। वहीं कुछ पार्षद केंद्र की योजनाओं को बताकर वोर्टस को साधने में सभाएं कर रहे हैं।

दूसरी ओर दोनों प्रमुख पार्टियों के नेताओं ने हाल ही में अलग-अलग निगमों और पंचायतों में जाकर बैठक ली है। वहीं चुनाव में पार्षद पद के प्रत्याशी चयन को लेकर भी अब वार्डवार कमेटी का गठन किया जा रहा है।