कबीरधाम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल सरोधा बांध में पर्यटकों और आम नागरिकों को धारदार हथियार दिखाकर डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, कुछ युवकों ने समूह बनाकर अपना नाम ‘बिच्छू गैंग’ रखा था।
इस समूह से जुड़े युवकों पर पर्यटकों को हथियार दिखाकर डराने और उनसे पैसे वसूलने जैसी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार लोहे का हथियार जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सरोधा बांध के पास कुछ व्यक्ति धारदार हथियार लहराकर पर्यटकों और आम लोगों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए तीन व्यक्तियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, इस समूह में करीब सात से आठ युवक जुड़े होने की जानकारी मिली है। इनमें से कुछ के खिलाफ पहले भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
तीन आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार बताई है
- शंकर धुर्वे (30), पिता गणेश धुर्वे के खिलाफ अपराध क्रमांक 470/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में कार्रवाई की गई।
- अशोक मरकाम (21) के खिलाफ अपराध क्रमांक 471/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 में कार्रवाई की गई।
- देवकुमार पटेल उर्फ गब्बर (18) के खिलाफ अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में कार्रवाई की गई।
तीनों से एक-एक धारदार हथियार जब्त
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से एक-एक धारदार लोहे का हथियार जब्त कर सीलबंद किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया। संबंधित मामलों में आगे की विवेचना जारी है।
ASP बोले आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया कि आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि सरोधा क्षेत्र में कुछ लोग धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीन आरोपियों को पकड़ा। उनके कब्जे से धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।