भिलाई नगर निगम में मतदाता सूची तैयार करने के काम में लापरवाही बरतने पर आयुक्त सुरुचि सिंह ने कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesभिलाई नगर निगम में मतदाता सूची तैयार करने के काम में लापरवाही बरतने पर आयुक्त सुरुचि सिंह ने कार्रवाई की है। निर्वाचन नामावली के आधार पत्रक-01 और 02 में मार्किंग और सॉफ्टवेयर में डेटा एंट्री के लिए शिफ्टिंग का काम समय पर नहीं कराने पर राजस्व उप निरीक्षक विनोद वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

वहीं, तीन अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।

विनोद वर्मा तत्काल प्रभाव से निलंबित

निगम के राजस्व उप निरीक्षक विनोद वर्मा वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-23 के भाग संख्या 190 में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के रूप में तैनात थे। उन्हें मतदाता सूची के आधार पर आधार पत्रक-01 और 02 में भाग एवं अनुभाग निर्धारित कर मार्किंग करनी थी। साथ ही, सॉफ्टवेयर में डेटा एंट्री के लिए शिफ्टिंग का काम भी कराना था।

निर्धारित कार्य समय पर नहीं कराने को कर्तव्य के प्रति लापरवाही मानते हुए निगम प्रशासन ने उन्हें निलंबित किया है। आयुक्त ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3(1), 3(2) और 3(3) का उल्लंघन माना है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जोन-01 के राजस्व विभाग में निर्धारित किया गया है।

तीन कर्मचारियों से 24 घंटे में जवाब तलब

निर्वाचन कार्य में देरी और लापरवाही के मामले में तीन अन्य कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इनमें भृत्य अमिशा घनघोरकर, सहायक ग्रेड-03 शुभम रामटेके और पम्प सहायक महेन्द्र त्रिपाठी शामिल हैं।

अमिशा घनघोरकर: वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-04, भाग संख्या 28 में BLO की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

शुभम रामटेके: वार्ड-12, भाग संख्या 139 में BLO के रूप में तैनात थे। आधार पत्रकों की मार्किंग और सॉफ्टवेयर में शिफ्टिंग के काम में देरी को लेकर जवाब मांगा गया है।

महेन्द्र त्रिपाठी: वार्ड-07, भाग संख्या 47 में BLO की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आधार पत्रक-01 और 02 की प्रविष्टि में लापरवाही के मामले में नोटिस जारी किया गया है।

तीनों कर्मचारियों को नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर निलंबन और विभागीय जांच की कार्रवाई की जा सकती है।

समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

आयुक्त सुरुचि सिंह ने कहा कि नगर निगम के आम निर्वाचन की तैयारियों के तहत मतदाता सूची से जुड़े काम किए जा रहे हैं। इसमें आधार पत्रक-01 और 02 के आधार पर मतदाता सूची के भाग एवं अनुभाग की पहचान, मार्किंग और संबंधित जानकारी सॉफ्टवेयर में दर्ज करना शामिल है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची से जुड़े काम निर्धारित समय-सीमा में पूरे करना जरूरी है। इसी प्रक्रिया में लापरवाही और देरी के मामले सामने आने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।