बेमेतरा जिले के देवरबीजा क्षेत्र में पुलिस ने दो भैंसों के कथित अवैध परिवहन के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबेमेतरा जिले के देवरबीजा क्षेत्र में पुलिस ने दो भैंसों के कथित अवैध परिवहन के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो भैंस और परिवहन में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन जब्त किया है।

जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, भैंसों को वाहन में ठूंसकर ले जाया जा रहा था और परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज भी नहीं मिले।

पुलिस के मुताबिक, निनवा निवासी राजू वर्मा अपने निजी काम से देवरबीजा आया था। इसी दौरान शाम करीब 4 बजे उसने सोसायटी के पास छोटा हाथी गाड़ी क्रमांक CG-07-CW-1896 में दो भैंसों को ठूंसकर ले जाते देखा।

राजू ने गाड़ी रोकने का प्रयास किया, लेकिन ड्राइवर गाड़ी लेकर आगे बढ़ गया। इसके बाद उसने अन्य गौवंश सेवकों के साथ वाहन का पीछा किया और देवरबीजा पेट्रोल पंप के पास उसे रुकवाया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई

अर्जुन्दा से महाराष्ट्र ले जाने की बात कही

गाड़ी में सवार लोगों से पूछताछ में उनकी पहचान हर्ष कुमार सोनकर, मनीष कुमार यादव और दीपक कुमार बंजारे के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने भैंसों को अर्जुन्दा से महाराष्ट्र ले जाने की बात कही। परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं मिलने और भैंसों को वाहन में ठूंसकर ले जाने की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की।

4.50 लाख रुपए का मशरूका जब्त

पुलिस ने दोनों भैंसों की कीमत करीब 50 हजार रुपए और घटना में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन की कीमत करीब 4 लाख रुपए आंकी है। इस तरह कुल 4 लाख 50 हजार रुपए का मशरूका जब्त किया गया है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(क) एवं (घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।