बलौदाबाजार जिले में सिटी कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक स्विफ्ट कार और आरोपी के घर से कुल 15 किलो 500 ग्राम गांजा जब्त किया है। इसके अलावा गांजा बेचकर मिले 91 हजार 100 रुपए नकद और प्लास्टिक रैपर भी बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत 3 लाख 96 हजार 100 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खोरसीनाला निवासी आकाश कुरें (20) अपने घर और स्विफ्ट कार में गांजा रखकर बेच रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर की रसोई में छज्जे के ऊपर और उसकी स्विफ्ट कार (CG 22 AC 0325) की डिग्गी से गांजा मिला।
पूछताछ में आकाश ने बताया कि उसे गांजा गनियारी-भानपुर निवासी भूषण कुमार यादव (29) सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस ने गिरौदपुरी क्षेत्र से भूषण को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, भूषण ने आकाश को गांजा देने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में की गई। जिले में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है।