छत्तीसगढ़ के कांकेर के भानुप्रतापपुर में मोबाइल नेटवर्क की तलाश में रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल चला रहा 13 साल का लड़का पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के कांकेर के भानुप्रतापपुर में मोबाइल नेटवर्क की तलाश में रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल चला रहा 13 साल का लड़का पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।

गांव में मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने के कारण अमन अपने 4-5 दोस्तों के साथ बेहतर नेटवर्क की तलाश में दल्लीराजहरा-रावघाट रेललाइन पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान अंतागढ़ से भानुप्रतापपुर होते हुए रायपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंच गई।

लोको पायलट ने हॉर्न बजाया तो बाकी बच्चे वहां से भाग गए, लेकिन अमन के कान में ईयरफोन लगा था। इस वजह से अमन हॉर्न सुन नहीं सका और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंडरीपानी में 18 अक्टूबर रविवार की रात मानसगान कार्यक्रम चल रहा था। अमन भी अपने दोस्तों के साथ कार्यक्रम देखने गया था। रात करीब 3 बजे तक उसे पंडाल में देखा गया था।

इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक की तरफ चला गया। बताया जा रहा है कि गांव में मोबाइल नेटवर्क ठीक से नहीं मिल रहा था। ऐसे में बच्चे बेहतर नेटवर्क के लिए केंवटी-अंतागढ़ रेलवे ट्रैक पर बैठकर मोबाइल चलाने लगे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।

हॉर्न सुनकर बाकी बच्चे भागे, अमन नहीं हट सका

इसी दौरान जब पैसेंजर ट्रेन ट्रैक से गुजर रही थी, तब लोको पायलट हिमांशु ने पटरी पर बैठे बच्चों को देखकर हॉर्न बजाया। हॉर्न सुनते ही बाकी बच्चे ट्रैक से हटकर भाग गए, लेकिन अमन ट्रेन की चपेट में आ गया।

अमन ईयरफोन लगाए हुए था, इस वजह से हॉर्न सुनाई नहीं दिया या वह समय पर उसे समझ नहीं पाया, ऐसी आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।