बालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक के पास भालूकोन्हा गांव में भालू दिखने से ग्रामीण डरे हुए

Chhattisgarh Crimesबालोद जिले के डौंडीलोहारा ब्लॉक के पास भालूकोन्हा गांव में भालू दिखने से ग्रामीण डरे हुए हैं। देर रात करीब ढाई बजे गांव के तालाब पार स्थित मंदिर परिसर में भालू घूमता दिखाई दिया। उसकी चहलकदमी मंदिर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

रविवार सुबह करीब 4 बजे उसे जंगल की ओर जाते देखा गया। इससे पहले भालू गांव में घुसकर उमेश साहू के घर से तेल का कनस्तर उठाकर जंगल ले गया था। नवरात्रि उत्सव के कारण घटना के समय उमेश साहू के घर पर कोई नहीं था।

वन विभाग ने आसपास के गांवों में कराई मुनादी

भालू के गांव में आने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने कोटवार और ग्रामीणों की मदद से देर रात तक तलाशी अभियान चलाया। रेंजर प्रवेश सोनी ने बताया कि भालूकोन्हा, जाटादाह और पिंगाल समेत आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया गया है। ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

करील-पानी की तलाश में बस्तियों तक पहुंच रहे भालू

वन विभाग के अनुसार, भोजन और पानी की तलाश में वन्यजीव जंगल से निकलकर आसपास की बस्तियों तक पहुंच जाते हैं। करील यानी बांस के छोटे पौधे भालुओं के पसंदीदा खाद्य पदार्थों में शामिल हैं। इनकी तलाश में भालू जंगल से लगे ग्रामीण इलाकों का रुख कर सकते हैं। करीब डेढ़ से दो महीने पहले ग्राम गैंजी में भी भालू दिखाई दिया था।