मैनपुर नगर में भालू की दस्तक से दहशत, सीसी कैमरे में कैद हुई तस्वीर

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। तहसील मुख्यालय मैनपुर नगर में गुलाबी ठंड की शुरुआत के साथ ही जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ने लगी है नगर में इन दिनों एक जंगली भालू की लगातार आमद से भारी डर और दहशत का माहौल है भालू की यह मौजूदगी स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है, खासकर तब जब त्योहारों का सीजन चल रहा है और लोगो का रात के समय आना जाना हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बीते रात मैनपुर नगर के स्टापडेम मोहल्ले के वरिष्ठ नागरिक हुलार ठाकुर के निवास के सामने जंगली भालू मंडराते नजर आया और भालू की तस्वीर सीसी टीवी कैमरे मे कैद हो गई सीसी टीवी कैमरे मे भालू की तस्वीर कैद होने के बाद नगर के लोगो मे दहशत देखने को मिल रहा है वही मिली जानकारी के अनुसार जंगली भालू मैनपुर तालाब से लेकर स्टापडेम, लोक निर्माण विश्राम गृह होते हुए हाईस्कूल और वन विभाग परिसर एसडीओ निवास के सामने बरगद वृक्ष मे शहद खाने के लिए मंडरा रहा है। ज्ञात हो कि पिछले वर्ष भी हल्की ठंड प्रारंभ होते ही मैनपुर नगर मे भालू ने अपना दस्तक दिया था।

■ वन विभाग परिसर तक पहुँचा भालू:- नगर क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे इस भालू ने केवल रिहायशी इलाकों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि वह वन विभाग परिसर के भीतर भी जा पहुँचा परिसर में मौजूद एक बरगद के पेड़ पर भालू शहद की तलाश में चढ़ गया, जिसकी पुष्टि वन विभाग के कर्मचारियो और चौकीदारो द्वारा किया गया है।

■ त्योहारों के सीजन में बढ़ी चिंता, सुरक्षा की गुहार:– पिछले एक सप्ताह से मैनपुर नगर के भीतर जंगली भालू की लगातार हो रही आमद से लोग काफी सहमे हुए हैं वर्तमान में त्योहारों का मौसम होने के कारण देर रात तक गलियों में चहल-पहल अधिक रहती है, जिससे किसी भी अनहोनी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। नगरवासियों ने वन विभाग से त्वरित संज्ञान लेते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और भालू को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने की पुरजोर मांग की है लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

■ वन विभाग के रेंजर ने कहा जानकारी मिली है:– वन विभाग के मैनपुर परिक्षेत्र अधिकारी आर के साहू ने बताया मैनपुर नगर और वन विभाग परिसर के भीतर भालू आने की जानकारी मिली है आज से वन विभाग की टीम तैनात कर दिया गया है जो भालू की गतिविधियो पर नजर रखे हुए है।