रायगढ़ के केलो डैम में घूमने गए युवक-युवती के साथ मारपीट कर मोबाइल और कैश लूटने के मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, जोगीडीपा निवासी सानू सारथी (22) ने 12 अक्टूबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट से केलो डैम घूमने गया था। शाम को लौटते समय 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे।
उन्होंने युवती के साथ घूमने को लेकर सवाल किए और सानू के साथ मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपियों ने सानू की जेब से 1,500 रुपए, उसका आईफोन 12 मिनी और युवती का मोटोरोला मोबाइल लूट लिया। आरोपी बुलेट की चाबी भी फेंककर फरार हो गए।
शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़ित और गवाहों से पूछताछ की गई। आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू की गई।
इस दौरान पुलिस ने इंदिरा नगर निवासी सोहेल अंसारी (23), उर्दना डीपापारा निवासी रणवीर कुमार (22) और कुरमापाली निवासी रामकुमार मेहता (24) को गिरफ्तार किया। रामकुमार मेहता के कब्जे से लूटा गया आईफोन 12 और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की गई थी।
गैरेज में पंचर बनाने का काम करता था आरोपी
पूछताछ में रामकुमार मेहता ने बताया कि युवती से लूटा गया मोटोरोला मोबाइल फरार साथी मोहम्मद मोफिद आलम (20), निवासी राजीवनगर मिट्ठूमुड़ा, के पास है।
पुलिस को जानकारी मिली कि मोफिद उर्दना-रायगढ़ मार्ग स्थित एक गैरेज में पंचर बनाने का काम करता है। वारदात के बाद से वह दुकान और घर से गायब था।
पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी के दुकान पर दिखाई देने की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
लूटा गया मोबाइल और बाइक जब्त
कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान संबंधी कार्रवाई के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से युवती का लूटा हुआ मोटोरोला मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और उसका मोबाइल फोन जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद मोफिद आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
अपराधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि अपराध कर कानून से बचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और उनके खिलाफ होने वाले अपराधों पर त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।