बिलासपुर में बीमा कंपनी की महिला कर्मचारी को लॉज में ले जाकर रैपिडो ड्राइवर ने रेप किया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में बीमा कंपनी की महिला कर्मचारी को लॉज में ले जाकर रैपिडो ड्राइवर ने रेप किया है। आरोप है कि, ग्राहक बनकर रैपिडो कर्मी युवक बीमा प्लान समझने के बहाने युवती को लॉज ले गया, वहां कमरा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर धमकी देकर भाग गया।

युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। युवक से आईडी नहीं लेने पर लॉज संचालक को नोटिस जारी कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक, कोरबा की रहने वाली 25 साल की युवती व्यापार विहार स्थित एक प्राइवेट लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करती है।

लोगों के पास जाकर युवती बीमा पॉलिसी का प्लान समझाकर ग्राहक बनाती है। 27 अक्टूबर को युवती ने रायपुर जाने के लिए रैपिडो बुक किया।

जिसके बाद दयालबंद निवासी अभिषेक सलूजा अपनी बाइक लेकर पहुंचा। उसने युवती को रेलवे स्टेशन छोड़ा। तभी उनके बीच बातचीत हुई और मोबाइल नंबर ले लिया। इस दौरान युवती ने उसे बीमा कंपनी में काम करने और प्लान समझाने की बात कही।

प्लान समझने के बहाने लॉज में जाकर रेप

युवती ने पुलिस को बताया कि, 28 अक्टूबर को रैपिडो ड्राइवर युवक ने उसे फोन कर बुलाया। युवती ने उसके पास पहुंचकर प्लान की जानकारी दी, तो युवक ने दिवाली से पहले पॉलिसी लेने की बात कही।

इस दौरान प्लान समझने के लिए शोरगुल होने का हवाला दिया। फिर किसी शांत जगह पर चलकर बात करने को कहा। युवती उसकी बातों में आकर उसके साथ चली गई।

इस दौरान युवक उसे स्टेशन रोड स्थित एक लॉज में ले गया। बातचीत के दौरान युवक ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया। उसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया। युवती ने विरोध किया, तब अभिषेक ने उसे धमकी दी, फिर वहां से भाग निकला।

आरोपी युवक की तलाश में जुटी पुलिस

एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि, युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी रैपिडो ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीम ने आरोपी के घर में दबिश दी, तब पता चला कि घरवालों ने उसे निकाल दिया है।

अब पुलिस आरोपी के ठिकानों में दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल, आरोपी युवक पुलिस पकड़ से बाहर है।

लॉज संचालक के खिलाफ भी होगी कार्रवाई

टीआई सनिप रात्रे ने बताया कि, युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि लॉज संचालक ने युवती का पहचान पत्र जमा कराया। जबकि, युवक से पहचान पत्र लिए बिना ही उसे कमरा नंबर 124 की चाबी दे दी।

पुलिस ने जब लॉज संचालक से पूछताछ की, तब पता चला कि युवक लोकल था। इसलिए उससे पहचान पत्र नहीं लिया गया। इस मामले में पुलिस अब लॉज संचालक को नोटिस जारी कर उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी।