भाजपा सोमवार को जगदलपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत सभा और पदयात्रा निकालेगी। जगदलपुर में मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने सुबह 11 बजे सभा होगी। इसमें केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद शहर के प्रमुख मार्गों से पदयात्रा निकाली जाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहेंगे। भाजपा ने कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी की ओर से बस्तर जिले के कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों, सामाजिक संस्थाओं और समाज प्रमुखों से भी सभा और पदयात्रा में शामिल होने की अपील की गई है।
कांग्रेस और विपक्ष पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप
भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडेय आरोप लगाया कि कांग्रेस सहित विपक्षी दल और कुछ स्वार्थी तत्व देश को अस्थिर करने और अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों की मानसिकता को उजागर करने के लिए पार्टी यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
क्या है अभियान का उद्देश्य ?
भाजपा देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चला रही है। यह अभियान 5 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत पार्टी पदयात्रा, जनसभा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
भाजपा का कहना है कि अभियान के जरिए SIR (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) और चुनाव प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का जवाब दिया जाएगा। साथ ही लोगों को मतदाता सूची की शुद्धता और लोकतांत्रिक संस्थाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।