केनाल लिंकिंग रोड पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव से राहत दिलाने अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक नया ओवरब्रिज बनाया जाएगा। 49.52 करोड़ की लागत से बनने वाला ओवरब्रिज 1.04 किलोमीटर लंबा और 8.50 मीटर चौड़ा होगा। टू-लेन ब्रिज बनने के बाद केनाल लिंकिंग रोड से गुजरने वाला मुख्य ट्रैफिक ऊपर से निकलेगा और नीचे की सड़क स्थानीय लोगों के आवाजाही के लिए उपलब्ध रहेगी।
इससे अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर समेत आसपास के छह वार्डों में एक लाख से ज्यादा लोगों को राहत मिलेगी। अभी मुख्य सड़क से गुजरने वाली गाड़ियों के साथ ही कॉलोनियों से निकलने वाला ट्रैफिक भी इसी सड़क पर रहता है। अफसरों के अनुसार इस ओवरब्रिज को शासन से मंजूरी मिल गई है। अगले दो महीने के भीतर इसका टेंडर जारी कर दिया जाएगा।द्रोणाचार्य स्कूल के कारण सुबह और दोपहर में स्कूल बसों और अभिभावकों के वाहनों की आवाजाही बढ़ने से दबाव और बढ़ जाता है।
ओवरब्रिज बनने के बाद केनाल लिंकिंग रोड से शहर के दूसरे हिस्सों की ओर जाने वाले मुख्य वाहन भी ऊपर से गुजर सकेंगे। इससे अमलीडीह चौक और आसपास की क्रॉसिंग पर वाहनों को बार-बार रुकना नहीं पड़ेगा। मुख्य सड़क का ट्रैफिक अलग होने से नीचे की सड़क पर भी गाड़ियों का दबाव कम होगा।
कॉलोनी वाले कई साल से कर रहे थे मांग, अब मंजूरी
केनाल लिंकिंग रोड से लगी कॉलोनियों के लोग लंबे समय से ओवरब्रिज की मांग कर रहे थे। तकनीकी दिक्कतों के कारण योजना बार-बार टलती रही। अक्टूबर 2026 में निर्माण को मंजूरी मिली। अमलीडीह की कई बड़ी पॉश कॉलोनियों में महंगे मकान खरीदने वाले लोग ट्रैफिक जाम से परेशान थे। अब बड़ी आबादी को राहत मिलेगी।