रायगढ़ के गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी इस्पात प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे करीब 39 टन लोहे में से 5 टन की हेराफेरी कर दी गई। ट्रक से लोहे के दो क्वायल उतारकर गैरेज में छिपा दिए गए थे। मामले में पूंजीपथरा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपए कीमत के दो क्वायल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर को चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय (28) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को प्लांट से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए ट्रक में 38.900 टन लोहा लोड कर भेजा गया था। 11 सितंबर को ट्रक चालक मुरली साहू रायपुर पहुंचा। धर्मकांटा में वजन कराने पर करीब 5 टन माल कम मिला। इसके बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान 30 अक्टूबर को चालक मुरली साहू को गेरवानी क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि मुरली ने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने (30), निवासी ग्राम देवरी, जिला रायपुर को अपना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए दिए थे।
पुलिस ने जानबूझकर दस्तावेज उपलब्ध कराने और अपराध में सहयोग करने के आरोप में मुरली साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गैरेज में छिपाए थे लोहे के दो क्वायल
इसके बाद पुलिस ने चेतन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि रायगढ़ में उसकी मुलाकात अजीत पेट्रोल पंप के पास हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता (25), निवासी बाईपास रोड दरोगामुड़ा से हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर बाईपास रोड के उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से लोहे के दो क्वायल गिराने और बाद में उन्हें बेचने की योजना बनाई थी। इसी योजना के तहत 9 सितंबर को चेतन ने अपने भाई मुरली के लाइसेंस का इस्तेमाल कर प्लांट से ट्रक निकाला और रास्ते में दोनों क्वायल उतार दिए। बाद में संतोष ने उन्हें हरिओम गैरेज में छिपा दिया।
5 लाख का लोहा बरामद, तीनों गिरफ्तार
चेतन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने गैरेज में दबिश दी और संतोष गुप्ता को हिरासत में लिया। पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गैरेज से करीब 5 टन वजन के दो बंडल लोहे के क्वायल बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने मुरली साहू, चेतन साहू उर्फ रामजाने और संतोष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। संतोष और चेतन को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।