छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में घरेलू विवाद के चलते एक पूर्व सरपंच की हत्या का मामला सामने आया है। केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम अरंडी के खासपारा में 1 नवंबर की रात गोविंद नेताम (49) की घर के अंदर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात को उसकी पत्नी फगनी नेताम (48) ने अंजाम दिया। दोनों के बीच पैसों की मांग और चरित्र पर शक को लेकर अक्सर विवाद होता था।
घटना वाली रात भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महिला ने कुल्हाड़ी से गोविंद के सिर और गले पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला मौके से फरार हो गई थी। पुलिस ने तलाश के बाद उसे बेडमा से पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी भूमिका सामने आने पर गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार साल 2011 में फगनी ने अपने पहले पति की हत्या की थी। पहले पति के साथ अनबन और विवाद के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा भी हुई थी।
तीन साल पहले चूड़ी पहनाकर पत्नी के रूप में साथ रखा था
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद नेताम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसकी मुलाकात नारायणपुर जिले के ताड़ोकी क्षेत्र की रहने वाली फगनी नेताम से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। करीब तीन साल पहले गोविंद ने भगनी को चूड़ी पहनाकर पत्नी के रूप में अपने साथ रखा था। इसके बाद दोनों अरंडी गांव में साथ रहने लगे।
शुरुआत में दोनों के बीच संबंध सामान्य रहे, लेकिन कुछ समय बाद आए दिन विवाद और झगड़े होने लगे। पुलिस के मुताबिक, गोविंद को भगनी के चरित्र पर शक था, जबकि महिला बार-बार उससे पैसों की मांग करती थी। इन्हीं बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
रात 8 से 11:30 बजे के बीच हुआ विवाद:पड़ोसी
पुलिस जांच में सामने आया कि 1 नवंबर की रात करीब 8 बजे से 11:30 बजे के बीच गोविंद और भगनी के बीच पैसों की मांग को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच झगड़े और महिला के चिल्लाने की आवाज पड़ोस में रहने वाले राजमन नेताम और उसके परिवार के सदस्यों ने भी सुनी थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान उनके बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि फगनी ने कुल्हाड़ी से गोविंद के सिर और गले पर कई वार किए। हमले में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी महिला घर से फरार हो गई।
सुबह कमरे में मिला शव, भाई ने पुलिस को दी सूचना
2 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे केशकाल थाने को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम अरंडी खासपारा निवासी गोविंद नेताम की हत्या हो गई है और उसका शव घर के कमरे में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रितेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
मौके पर मृतक के भाई मोहन नेताम (60) ने पुलिस को बताया कि गोविंद ने करीब तीन साल पहले अंतागढ़ क्षेत्र के ग्राम ताड़ोकी निवासी फगनी बाई को चूड़ी पहनाकर पत्नी के रूप में अपने साथ रखा था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो मृतक के सिर, कनपटी, माथे, कंधे और सीने पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। पुलिस के अनुसार, इन्हीं चोटों के कारण उसकी मौत हुई।
घटना के बाद फरार हुई महिला, बेडमा से गिरफ्तार
मृतक के भाई की रिपोर्ट पर केशकाल पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी फगनी नेताम पर संदेह हुआ। घटना के बाद से उसके घर से गायब होने की जानकारी भी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और पतासाजी करते हुए उसे बेडमा से पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हत्या में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल आरोपी महिला के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।