गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर विजय दयाराम के ने 3 पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर सरकारी काम में लापरवाही, बिना अनुमति मुख्यालय से गायब रहने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने के आरोप हैं। कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा नियम 1966 के तहत की गई है।
पेंड्रा हल्का नंबर-3 के अतिरिक्त प्रभार वाले पटवारी जोगी रवि कुजूर को काम पर लौटने के लिए नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने न तो संतोषजनक जवाब दिया और न ही काम पर लौटे। इसके बाद तहसीलदार पेंड्रा की सिफारिश और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रा रोड की मंजूरी के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय पेंड्रा रहेगा।
मरवाही के दो पटवारियों पर भी कार्रवाई
मरवाही के हल्का नंबर-32 कटरा के पटवारी कमलेश तंवर पर सरकारी काम में लापरवाही और ड्यूटी से अनुपस्थित रहने का आरोप है। उन्हें कई बार कारण बताओ नोटिस दिया गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। निलंबन के बाद उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय मरवाही तय किया गया है।
वहीं, तहसील कार्यालय मरवाही में संलग्न पटवारी प्रभात कुमार खरे पर सरकारी काम से अनुपस्थित रहने, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने और बिना अनुमति निर्धारित मुख्यालय व कार्यालय से गायब रहने के आरोप हैं। उनका मुख्यालय भी तहसील कार्यालय मरवाही रहेगा।
नियम के अनुसार मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान तीनों पटवारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।