पेंड्रा थाना क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान वन विभाग के बीट सहायक सुरेश कुमार राठौर से मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी मुकेश पाण्डेय के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लालपुर, थाना गौरेला निवासी 56 वर्षीय सुरेश कुमार राठौर चुवाबहरा में बीट सहायक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वे ग्राम धनपुर में दुर्गा मंदिर के सामने बबलू के पान ठेले के पास अपने ड्यूटी रेंजर रामनरेश तिवारी का इंतजार कर रहे थे।
शिकायत के मुताबिक, ग्राम धनपुर निवासी मुकेश पाण्डेय उर्फ गोलू वहां पहुंचा। उसने राठौर का जैकेट हटाकर वन विभाग की वर्दी देखी और जंगल की सुरक्षा को लेकर गालियां दीं।
इसके बाद आरोपी ने राठौर का कॉलर पकड़ा और हाथ-मुक्कों से मारपीट की। उसने बेल्ट से भी पीटा। राठौर जमीन पर गिर गए और उनके गले व कमर में चोटें आईं। मारपीट के दौरान आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
मौके पर मौजूद परिक्षेत्र सहायक रामनरेश तिवारी ने बीच-बचाव किया। घटना के बाद राठौर ने अपने बेटे कौशल राठौर को इसकी जानकारी दी।
पेंड्रा पुलिस ने मुकेश पाण्डेय के खिलाफ बीएनएस की धारा 121(1), 132, 296 और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है।