रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी पर रायपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला होटल की संपत्ति पर कब्जे और सरकारी सील तोड़ने से जुड़ा है।आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने केस दर्ज किया। शिकायत में दीपक और बरखा टंडन पर संपत्ति में जबरन प्रवेश करने, ताला तोड़ने, अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की आठ धाराओं में मामला दर्ज किया है।
FIR के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने अपनी संपत्ति वर्ष 2021 में होटल और बैंक्वेट हॉल चलाने के लिए लीज पर दी थी। होटल का संचालन ‘होटल बेलाकासा श्री’ के नाम से किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि 2024 में खत्म हो गई थी, जिसे आपसी सहमति से दो बार 11-11 महीने के लिए बढ़ाया गया। इसकी अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई थी।
शिकायत में कहा गया है कि किराया भी करीब एक साल से नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। प्रॉपर्टी टैक्स जमा नहीं होने के कारण नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल को सील कर दिया था।
सील खुलने के बाद फिर शुरू हुआ विवाद
सरिता बाजपेयी का आरोप है कि 23 अगस्त को जब वे संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर अंदर मौजूद थे। इसकी शिकायत नगर निगम में की गई, जिसके बाद दोबारा सील की गई।
FIR में आगे बताया गया है कि 30 सितंबर को चाबी सौंपने की बात हुई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में सील खोली और पंचनामा तैयार किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि अगले दिन 27 अक्टूबर को जब वे अपने साथी के साथ होटल पहुंचीं, तो बरखा टंडन, दीपक टंडन और उनके साथियों ने मेन गेट और अंदर के ताले तोड़कर संपत्ति में प्रवेश कर लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
6 नवंबर को बिलासपुर पुलिस ने किया था गिरफ्तार
इससे पहले 6 नवंबर को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने दीपक टंडन को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी मणिशंकर पांडे की शिकायत पर हुई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों से AI के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई और न्यूज पोर्टल व सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें प्रसारित की गईं। आरोप है कि इनका इस्तेमाल उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। मामले में डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है।
बिलासपुर और रायपुर के मामले अलग-अलग
बिलासपुर में दर्ज मामला AI से तस्वीरों में छेड़छाड़ और कथित ब्लैकमेलिंग से जुड़ा है, जबकि रायपुर की नई FIR होटल की संपत्ति और कब्जे के विवाद को लेकर दर्ज हुई है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।