बिलासपुर में मनरेगा के भुगतान को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोग सरपंच पति के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इसका विरोध करने पर युवक के सिर पर लाठी से हमला कर दिया गया।
इस दौरान लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। मारपीट में तीन लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र की मल्हार चौकी का है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सरसेनी निवासी राजकुमार सोल्डे ड्राइविंग का काम करता है। सोमवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने चाचा नारायण सोल्डे के घर खाना खाने पहुंचा था। नारायण गांव के सरपंच पति हैं।
रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद राजकुमार घर के पास खड़ा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले ललित सोल्डे और उसके परिवार के लोग पुरानी बात को लेकर नारायण सोल्डे से गाली-गलौज करने लगे।
राजकुमार ने विरोध किया तो सिर पर लाठी से हमला किया
नारायण सोल्डे के साथ गाली-गलौज होते देखकर राजकुमार ने ललित सोल्डे को मना किया। इस पर ललित और उसके साथ मौजूद लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। उन्होंने राजकुमार से कहा कि वह मना करने वाला कौन होता है।
इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर लाठी से हमला कर दिया। राजकुमार को पिटता देखकर रामायण सोल्डे बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया गया। नारायण सोल्डे ने भी बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना में तीनों को चोटें आई हैं।
मनरेगा की मजदूरी मांगने पर मारपीट का आरोप
दूसरे पक्ष से तितरी बाई सोल्डे ने भी मल्हार चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि घटना की रात उसका पति ललित सोल्डे रोजगार गारंटी योजना के तहत चार सप्ताह काम करने की मजदूरी मांगने सरपंच पति नारायण सोल्डे के घर के पास पहुंचा था।
इसी बात पर नारायण सोल्डे, रामायण सोल्डे और राजकुमार सोल्डे ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद लाठी-डंडों से ललित की पिटाई कर दी।
तितरी बाई का कहना है कि वह अपने पति को बचाने के लिए बेटे आर्यन और बेटी अंतरा के साथ पहुंची तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
तीनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। हमले में तितरी बाई के बाएं हाथ के अंगूठे के पास, आर्यन के सिर और अंतरा के दाहिने हाथ में चोट आई है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज किया केस
राजकुमार सोल्डे की शिकायत पर पुलिस ने ललित सोल्डे, आर्यन सोल्डे और तितरी बाई सोल्डे के खिलाफ BNS की धारा 109, 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
वहीं, तितरी बाई की शिकायत पर नारायण सोल्डे, रामायण सोल्डे और राजकुमार सोल्डे के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।