जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया

Chhattisgarh Crimesजगदलपुर के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में हुई सोने के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया गया है।

आरोपियों के कब्जे से चोरी के 765.7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो, ऑटो और बाइक भी जब्त की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, सभी गिरफ्तार आरोपी एक ही परिवार के हैं।

चोरी के बाद आरोपी जंगल में छिप गए थे। पुलिस ने ड्रोन और थर्मल कैमरों की मदद से उनकी तलाश की और गिरफ्तार किया। गिरोह के 3 अन्य आरोपी अभी फरार हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

त्योहार की भीड़ का उठाया फायदा

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स में त्योहार के कारण ग्राहकों की भीड़ थी। इसी दौरान महिलाओं और बच्चों का एक समूह दुकान पहुंचा।

महिलाओं ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटकाया। इसी बीच एक महिला ने दराज में रखा सोने के आभूषणों से भरा प्लास्टिक का बॉक्स निकालकर एक नाबालिग लड़की को दे दिया।

इसके बाद पूरा ग्रुप दुकान से निकल गया। शाम करीब 7:30 बजे दुकानदार को सोने के टॉप्स वाला बॉक्स नहीं मिला। इसके बाद दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई।

फुटेज में महिलाओं और बच्चों के समूह की गतिविधियां सामने आईं। दुकानदार की शिकायत पर कोतवाली थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।