दुर्ग जिले में उधार के पैसों को लेकर SI की पत्नी और बहुजन समाज पार्टी (BSP) की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई।
दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र के आकृति हाइट्स का है।
विवाद में एक पक्ष से स्मृति नगर चौकी प्रभारी एसआई अमित अंदानी की पत्नी मुस्कान और दूसरे पक्ष से BSP की पूर्व लोकसभा प्रत्याशी गीतांजलि सिंह शामिल हैं। गीतांजलि सिंह ने 2019 में दुर्ग लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। वह तीसरे स्थान पर रही थीं।
मुस्कान ने शिकायत में बताया कि गीतांजलि सिंह ने जुलाई में अपनी बहन की शादी के लिए उनसे पैसे उधार लिए थे। रकम वापस लेने के लिए उन्हें गीतांजलि के घर बुलाया गया था। वहां गीतांजलि की मां सुनीता सिंह से बातचीत के दौरान रोशनी सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद उनके साथ हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से मारपीट की गई। इस घटना में उनके बाएं हाथ की कोहनी, दाहिने कान और गले में चोट आई है।
दिवाली पर पैसे लौटाने की कही थी बात
वहीं, गीतांजलि सिंह ने शिकायत में बताया कि उन्होंने मुस्कान से उधार ली रकम दिवाली पर लौटाने की बात कही थी। घटना के दिन वह घर से बाहर थीं। इसी दौरान मुस्कान उनके घर पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने उनकी बहन रोशनी सिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
गीतांजलि बोलीं- पैसे लौटाने एग्रीमेंट और चेक देने तैयार थी
गीतांजलि सिंह ने बताया कि मुस्कान खुद उनके घर पहुंची थीं और उन्होंने ही विवाद शुरू किया। उन्होंने कहा कि वे पैसे लौटाने के लिए एग्रीमेंट और चेक देने को तैयार थीं। उनका कहना है कि वे न तो मुस्कान के घर गए और न ही किसी से मारपीट की। घर में हंगामा होने पर उन्होंने पुलिस को फोन किया था।
गीतांजलि के मुताबिक, पुलिस के आने के बाद मामला थाने पहुंचा, लेकिन शुरुआत में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। बाद में बहस के बाद पुलिस ने शिकायत ली और उनकी बहन को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। शाम को FIR दर्ज हुई। इसके बाद दूसरे पक्ष ने भी काउंटर FIR दर्ज कराई।
एक ही बिल्डिंग में रहते हैं दोनों परिवार
दोनों परिवार एक ही बिल्डिंग में रहते हैं। मुस्कान छठवें फ्लोर और गीतांजलि दूसरे फ्लोर पर रहती हैं। दोनों परिवारों के बीच पहले से आना-जाना था। गीतांजलि ने बताया कि शादी के समय मुस्कान ने उन्हें बताया था कि एक ज्वेलरी दुकान में उनके 5 से 6 लाख रुपए फंसे हैं। इस पर उन्होंने दुकान से रकम निकलवाकर शादी में इस्तेमाल करने का प्रस्ताव दिया था।
गीतांजलि के मुताबिक, बाद में मुस्कान ने अपनी ज्वेलरी भी दी थी, जिस पर करीब साढ़े 4 से 5 लाख रुपए का लोन था। दोनों के बीच जमीन खरीदने और गिरवी रखने को लेकर भी बातचीत हुई, लेकिन बात नहीं बन पाई। गीतांजलि का दावा है कि पूरी रकम करीब 12 लाख 20 हजार रुपए थी।
उन्होंने मुस्कान से कहा था कि पैसों के लेनदेन को लेकर एग्रीमेंट कर लेते हैं और चेक भी दे देते हैं। इसके लिए उन्हें दो से तीन महीने का समय दिया जाए। गीतांजलि ने कहा कि वह विवाद नहीं बढ़ाना चाहतीं। उनकी मां और बहन भी घर में रहती हैं। वह चाहती हैं कि एग्रीमेंट के जरिए रकम का हिसाब तय हो जाए और मुस्कान को उनके पैसे वापस मिल जाएं।