युमेन्द्र कश्यप/गरियाबंद। दीपावली के पावन पर्व पर भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज का भव्य आयोजन किया गया। उत्साह, उमंग और आत्मीयता के वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक देखने को मिली। इस भव्य कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, छत्तीसगढ़ भंडारगृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, भाजपा जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद और पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यालय में इस बार दीपावली मिलन समारोह बेहद उत्साह और अनोखे अंदाज में मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर, मिठाइयां बांटकर और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देकर अपनी खुशियां साझा कीं।
संगठनात्मक विषयों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा -समारोह में दीपावली की शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ-साथ संगठनात्मक विषयों, सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सभी अतिथियों ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका, संगठन की मजबूती, सरकार की जनकल्याणकारी पहल और जनसेवा के महत्व को रेखांकित किया।
जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने कार्यकर्ताओं को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। किसानों के हित में बड़ा नीतिगत फैसला लेते हुए सरकार ने खरीफ विपणन सत्र से पहले उपार्जन केंद्रों में 21 क्विंटल धान विक्रय की अनिवार्य बाध्यता को खत्म कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत किसान अब अपनी जरूरत और सुविधानुसार धान बेच सकेंगे। शेष बची उपज पर ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत सीधे अंतर राशि (बोनस) का भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की इन उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, निष्ठा और सेवा भावना से ही संगठन निरंतर मजबूत होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, आम जनता के बीच सक्रिय रहने और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ आत्मीय संबंध बनाए रखने का आग्रह किया।
अमित चिमनानी (प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला संगठन प्रभारी) ने संगठन की कार्यप्रणाली, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसमें संगठन के कार्यकर्ताओं की भूमिका सर्वोपरि है। संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी जमीनी सक्रियता और सामूहिक सहभागिता में है।
राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा और जनसेवा के संकल्प का प्रतिनिधित्व करता है। जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान का प्रयास करना कार्यकर्ता का मुख्य दायित्व है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की बात कही।
भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि ऐसे आयोजन संगठन के लोगों को एक परिवार के रूप में जोड़ने का काम करते हैं। आपसी मेल-मिलाप और समरसता से संगठनात्मक संबंध मजबूत होते हैं। उन्होंने जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने को कहा।
पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता, समर्पण और सक्रियता पर टिकी होती है। सभी कार्यकर्ताओं को समाज के बीच रहकर जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
समरसता भोज और प्रमुख उपस्थिति कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ समरसता भोज में सहभागिता की। इस दौरान आपसी सद्भाव, भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता का अनूठा संदेश देखने को मिला।इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश साहू, रामकुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू (सहकारिता प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक), मुरलीधर सिन्हा, गुरुनारायण तिवारी, प्रीतम सिन्हा, ईश्वर साहू, पदुलोचन जगत, केशरी ध्रुव, सरिता ठाकुर, जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, महिला मोर्चा अध्यक्ष बिंदु सिन्हा, किसान मोर्चा अध्यक्ष हलमन धुर्वा, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक साहू, अजजा मोर्चा अध्यक्ष सियाराम ध्रुव, अजा मोर्चा अध्यक्ष उत्तम राजवंशी, विभिन्न मंडलों के अध्यक्षगण, प्रकोष्ठों के संयोजकगण सहित जिलेभर के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।