बालोद में पुलिस विभाग में आरक्षक जीडी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती से 2 लाख 22 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesबालोद में पुलिस विभाग में आरक्षक जीडी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवती से 2 लाख 22 हजार रुपए लेने का मामला सामने आया है। भर्ती के फिजिकल टेस्ट में कम हाइट के कारण युवती बाहर हो गई।

इसके बाद उसने आरोपी से नौकरी और पैसे वापस करने की मांग की, लेकिन आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने कांकेर निवासी आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम बोरी की रहने वाली लोकेश्वरी पवार (25) वर्ष 2023-24 में रायपुर पुलिस विभाग में आरक्षक जीडी पद की भर्ती की तैयारी कर रही थी। उस समय वह रायपुर में काम करती थी।

लोकेश्वरी के साथ काम करने वाली रीना साहू ने उसे कांकेर निवासी लेखराम सिन्हा का मोबाइल नंबर दिया था। रीना ने बताया था कि लेखराम पुलिस विभाग में नौकरी करता है और पुलिस मुख्यालय रायपुर में उसकी पहचान है।

इसके बाद लोकेश्वरी ने लेखराम से फोन पर बात की। मार्च 2024 में वह अपनी मां और मामा के साथ रायपुर में उससे मिली। आरोप है कि लेखराम ने आरक्षक जीडी की नौकरी लगवाने के नाम पर 3 लाख 50 हजार रुपए मांगे।

तीन बार में खाते और फोन-पे से भेजे पैसे

रकम जुटाने के लिए समय लेने के बाद 30 मार्च 2024 को लोकेश्वरी के मामा ठाकुर राम ने लेखराम के बैंक खाते में 1 लाख 50 हजार रुपए भेजे। इसके बाद 22 अप्रैल को ग्राम लाटाबोड़ के च्वाइस सेंटर से 36 हजार रुपए और करीब एक सप्ताह बाद 36 हजार रुपए उसके फोन-पे नंबर पर भेजे गए। इस तरह आरोपी को कुल 2 लाख 22 हजार रुपए दिए गए।

हाइट कम होने से भर्ती से बाहर हुई युवती

लोकेश्वरी ने आरक्षक भर्ती की शारीरिक परीक्षा में हिस्सा लिया, लेकिन हाइट कम होने के कारण वह बाहर हो गई। इसके बाद उसने नौकरी और दिए गए पैसों के संबंध में लेखराम से संपर्क किया। आरोप है कि लेखराम ने न तो उसकी नौकरी लगवाई और न ही पैसे लौटाए। बाद में उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया।

इसके बाद युवती ने 14 नवंबर को बालोद थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज

बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शिकायत और दस्तावेजों के आधार पर कांकेर निवासी लेखराम सिन्हा के खिलाफ BNS की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।