पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल ने 61 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क करने की ED की कार्रवाई को चुनौती दी

Chhattisgarh Crimesपूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल ने 61 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क करने की ED की कार्रवाई को चुनौती दी है। उन्होंने दिल्ली स्थित अपीलेट ट्रिब्यूनल में अपील दायर की है। सोमवार को सुनवाई के दौरान ट्रिब्यूनल ने ED को जवाब पेश करने का निर्देश दिया।

ED ने जवाब दाखिल करने के लिए 3 से 4 सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन ट्रिब्यूनल ने एक्स्ट्रा समय देने से इनकार कर दिया। अब मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी। यह मामला छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले की जांच से जुड़ा है।

ED ने चैतन्य से जुड़ी करीब 61 करोड़ रुपए की संपत्तियां कुर्क की हैं। हाल ही में एजेंसी ने दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विट्ठल कॉलोनी के 355 प्लॉटों पर कब्जे की कार्रवाई की थी। इन प्लॉटों पर जब्ती के नोटिस चस्पा किए गए थे।

2 बार मौका मिलने के बाद भी ED ने दाखिल नहीं किया जवाब

चैतन्य बघेल के वकील हर्षवर्धन परगनिहा के मुताबिक, संपत्ति कुर्की के खिलाफ दायर अपील पिछले 2 महीने से ट्रिब्यूनल में लंबित है। इस दौरान ED को जवाब दाखिल करने के दो मौके दिए गए, लेकिन एजेंसी ने अब तक जवाब पेश नहीं किया। पिछली सुनवाई में ईडी का कोई वकील भी उपस्थित नहीं हुआ था।

शनिवार को कॉलोनी के प्लॉटों पर कब्जे की कार्रवाई के बाद चैतन्य की ओर से जल्द सुनवाई के लिए आवेदन दिया गया था। सोमवार को ईडी के वकील ट्रिब्यूनल पहुंचे और जवाब दाखिल करने के लिए 3 से 4 सप्ताह का समय मांगा। हालांकि, ट्रिब्यूनल ने उनकी मांग खारिज कर दी और ED को जवाब पेश करने का निर्देश दिए।

कॉलोनी में 385 प्लॉट, 355 पर ED ने चस्पा किए नोटिस

ED ने शनिवार को कुम्हारी की विट्ठल कॉलोनी में कार्रवाई की थी। कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 355 प्लॉटों पर एजेंसी ने कब्जे के नोटिस चस्पा किए, जबकि 30 प्लॉट आम खरीदारों को पहले ही बेचे जा चुके हैं।

ईडी का आरोप है कि शराब सिंडिकेट से कमाई गई अवैध रकम को जमीन और मकान के कारोबार में लगाया गया था। इसी जांच के तहत चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है। हालांकि, इन आरोपों पर अभी अंतिम फैसला नहीं आया है।