विद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) एप पर शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति की रिपोर्ट नहीं भेजने पर लोक शिक्षण संचालनालय ने 19 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) का नवंबर का वेतन रोक दिया

Chhattisgarh Crimesविद्या समीक्षा केंद्र (वीएसके) एप पर शिक्षकों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति की रिपोर्ट नहीं भेजने पर लोक शिक्षण संचालनालय ने 19 जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) का नवंबर का वेतन रोक दिया है। इनमें जांजगीर-चांपा के डीईओ मनोहर प्रताप सिंह भी शामिल हैं। संचालनालय ने बार-बार निर्देश देने के बावजूद जानकारी उपलब्ध नहीं कराने को गंभीर लापरवाही मानते हुए आगामी आदेश तक वेतन रोकने की कार्रवाई की है।

राज्य शासन ने स्कूलों और शिक्षा विभाग के कार्यालयों में पारदर्शिता लाने के लिए वीएसके एप से ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य की है। इसकी निगरानी के लिए संचालनालय ने 8 और 16 अक्टूबर को सभी डीईओ को गूगल शीट भेजकर एप पर हाजिरी नहीं लगाने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों की जानकारी मांगी थी। ऐसे स्कूलों का ब्योरा भी देना था, जहां एक भी कर्मचारी ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं की। निर्धारित समय में रिपोर्ट नहीं मिलने पर संचालनालय ने 3 और 4 नवंबर को स्मरण पत्र जारी किए। इसके बावजूद 19 जिलों के डीईओ ने गूगल शीट अपडेट नहीं की। संचालनालय ने इसे पदीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर उदासीनता, लापरवाही और स्वेच्छाचारिता मानते हुए नवंबर का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टरों और कोषालय अधिकारियों को भी भेजा आदेश: वेतन रोकने के आदेश की प्रतिलिपि स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव, समग्र शिक्षा के आयुक्त, संचालक कोष एवं लेखा, संबंधित जिलों के कलेक्टरों, संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला कोषालय अधिकारियों को भेजी गई है।

इन 19 जिलों के डीईओ पर कार्रवाई नारायणपुर, सरगुजा, कोंडागांव, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, धमतरी, कोरबा, दुर्ग, कबीरधाम, बस्तर, मुंगेली, सुकमा, बालोद, दंतेवाड़ा, रायपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और कोरिया।