बिलासपुर में बेटी के लव मैरिज करने से नाराज पिता अपने बेटे के साथ चेहरे पर गमछा बांधकर उसके घर में घुस गया। दोनों ने बेटी-दामाद पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे दामाद के माता-पिता और बहन पर भी हमला कर दिया।
इस घटना में बेटी-दामाद समेत परिवार के 5 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार पिता-पुत्र की तलाश कर रही है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
दरअसल, मंगला के धुरीपारा में रहने वाले शाहिद अली पेशे से ड्राइवर हैं। उनका बेटा समीर अली एक निजी दूध कंपनी में काम करता है।
समीर ने करीब एक साल पहले मोहल्ले में रहने वाली बलराम कश्यप की बेटी से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से युवती के परिजन नाराज थे। उन्हें यह रिश्ता मंजूर नहीं था।
चेहरे पर गमछा बांधकर घर में घुसे पिता-बेटे
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर था। इसी दौरान उसका ससुर बलराम कश्यप अपने बेटे के साथ वहां पहुंचा।
पहचान छिपाने के लिए बलराम ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। घर में घुसते ही दोनों ने समीर और अपनी बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।
बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी किया हमला
हमले के दौरान बेटी के चीखने की आवाज सुनकर समीर की मां शाइस्ता, पिता शाहिद और बहन बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोपियों ने उन पर भी चाकू से वार कर दिए।
हमले में बेटी-दामाद समेत पांच लोग घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
ASP पहुंचे अस्पताल, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। एएसपी पंकज पटेल समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
एएसपी ने फरार पिता-पुत्र को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।