कोरबा के गेवरा-दीपका कटघोरा रोड पर बीती रात एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने सिंह रेस्टोरेंट के सामने पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में मारुति कार, थार सहित कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना का पूरा वीडियो रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया। राहत की बात रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
रेस्टोरेंट संचालक अक्षय सिंह के मुताबिक, होटल के सामने पार्किंग में मारुति कार, थार सहित अन्य वाहन खड़े थे। इसी दौरान बजरंग चौक दीपका की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ी कारें आपस में टकरा गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में ड्राइवर के अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो SECL में नियोजित बताई जा रही है। उसका ड्राइवर विजयनगर का निवासी बताया गया है।
आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या नशे की स्थिति में होने के कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लाखों रुपए के नुकसान की आशंका
हादसे के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद लोग बाहर निकले तो पार्किंग में खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त पड़ी थीं। मामले की सूचना दीपका पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोलेरो जब्त कर ली और ड्राइवर से पूछताछ शुरू की।
रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार, हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। हालांकि, घटना के समय पार्किंग के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।