दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने शुक्रवार को मरौदा रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल की। इसमें ट्रेन हादसे के दौरान यात्रियों को बचाने और राहत पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
इसके लिए ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने और कोच में आग लगने जैसी स्थितियां बनाई गईं। टीमों ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक इलाज देने और आग बुझाने के तरीके बताए।
मॉक ड्रिल में NDRF की मुंडाली (कटक, ओडिशा) बटालियन, SDRF, रेलवे की आपदा राहत टीम, सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड और रेलवे के अलग-अलग विभागों के कर्मचारी शामिल हुए।
अभ्यास के दौरान आधुनिक उपकरणों से कोच काटकर यात्रियों को बाहर निकालने का तरीका दिखाया गया। साथ ही आग बुझाने के अलग-अलग तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया। रेलवे का उद्देश्य आपात स्थिति में कर्मचारियों और बचाव दल को तेजी से राहत कार्य करने के लिए तैयार रखना है।
बनाए गए राहत और सहायता केंद्र
अभ्यास के दौरान प्राथमिक इलाज केंद्र, शव गृह, अधिकारी कक्ष, मीडिया केंद्र, पूछताछ केंद्र, दूरभाष केंद्र और नागरिक सुरक्षा सहायता केंद्र बनाए गए। इसके अलावा ART, NDRF, SDRF और रेलवे सुरक्षा बल के सहायता केंद्र भी तैयार किए गए। रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने बम की जांच करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ शासन और भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की ओर से अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस भी उपलब्ध कराई गईं। स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम भी मौजूद रही।
अधिकारियों ने संसाधनों का जायजा लिया
अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल ने मॉक ड्रिल में उपलब्ध बचाव उपकरणों और संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने इनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली और वास्तविक आपदा के समय भी इसी तरह तैयार रहने की बात कही।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि, ऐसे अभ्यास से रेलवे कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों को भी आपदा के समय मदद करने के तरीके समझ में आते हैं।
आपात स्थिति में मदद करने की अपील
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि, ट्रेन दुर्घटना के समय रेलवे के फ्रंटलाइन कर्मचारी, आपदा राहत ट्रेन (ART), दुर्घटना राहत मेडिकल वैन (ARMV) और स्थानीय नागरिक बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाते हैं।
ऐसे अभ्यास से सभी टीमों के बीच तालमेल बेहतर होता है और घायलों तक जल्द मदद पहुंचाई जा सकती है। रेलवे ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि आपात स्थिति में जरूरतमंदों की मदद करें और राहत कार्य में रेल प्रशासन का सहयोग करें।