युमेन्द्र कश्यप/गरियाबंद। किसानों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी फिंगेश्वर–राजिम 23 नवंबर को एसडीएम कार्यालय राजिम का घेराव करेगी। सोमवार को सुबह 11 बजे एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय शनिवार को श्याम कुटीर किरवई में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की सातवीं मासिक बैठक में लिया गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू के नेतृत्व में आयोजित बैठक में पदाधिकारी, मंडल एवं सेक्टर अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में किसान गिरदावरी और धान पंजीयन में आ रही समस्याओं, बेमौसम बारिश से फसल नुकसान, फसल बीमा राशि के भुगतान तथा पटवारियों की हड़ताल से प्रभावित राजस्व कार्यों को लेकर चर्चा की गई। इन समस्याओं के निराकरण के लिए एसडीएम कार्यालय के समक्ष आंदोलन करने का निर्णय लिया गया।
चार प्रमुख मांगों को लेकर होगा आंदोलन
कांग्रेस ने आंदोलन के माध्यम से किसान गिरदावरी और धान पंजीयन की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने की मांग की है। गिरदावरी नहीं होने के कारण कई किसान धान खरीदी के लिए पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं। इससे उन्हें समर्थन मूल्य पर धान बेचने में परेशानी हो रही है। कांग्रेस ने प्रभावित किसानों की तत्काल गिरदावरी कर पंजीयन सुनिश्चित करने तथा प्रशासनिक और तकनीकी त्रुटियों के कारण किसी भी किसान को धान बेचने से वंचित नहीं करने की मांग की है।
बेमौसम बारिश से धान की फसल को हुए नुकसान के बावजूद किसानों को फसल बीमा राशि नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया गया। कांग्रेस ने प्रभावित फसलों का सर्वे कर पात्र किसानों को बीमा राशि तत्काल प्रदान करने की मांग की है।
पटवारियों की हड़ताल से गिरदावरी, नामांतरण, सीमांकन सहित अन्य राजस्व कार्य प्रभावित होने पर भी चिंता जताई गई। पटवारी संवर्ग की मांगों का संवेदनशीलता से निराकरण करने और निलंबित पटवारी को तत्काल बहाल करने की मांग रखी गई, ताकि किसानों के लंबित कार्य सुचारु हो सकें।
इसके अलावा किसानों और क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर पूर्व में शासन-प्रशासन को सौंपे गए सात सूत्रीय मांग पत्र पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी आंदोलन में उठाया जाएगा। कांग्रेस ने प्रशासन से लंबित मांगों पर हुई कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने और समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने की मांग की है।
किसानों के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रूपेश साहू ने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन आज उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए गिरदावरी और पंजीयन जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। बेमौसम बारिश से फसल नुकसान के बावजूद बीमा राशि नहीं मिलना और पटवारियों की हड़ताल से किसानों के जरूरी काम प्रभावित होना गंभीर चिंता का विषय है। शासन-प्रशासन को किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करना चाहिए। कांग्रेस किसानों के अधिकारों और उनकी जायज मांगों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, मंडल एवं सेक्टर अध्यक्षों, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं तथा क्षेत्र के किसानों से 23 नवंबर को सुबह 11 बजे एसडीएम कार्यालय राजिम पहुंचकर धरना-प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की, ताकि किसान हितों की लड़ाई को मजबूत बनाया जा सके।