पूरन मेश्राम/मैनपुर। कमार विकास अभिकरण जिला गरियाबंद के माध्यम से आदिम जनजाति कमार समुदाय के विकास के लिए हर साल करोड़ों रुपए की राशि प्राप्त होती है, लेकिन आज भी समुदाय की दशा और दिशा में कोई खास अंतर दिखाई नहीं देता। इसका जीता जागता उदाहरण है। 29 वर्ष पूर्व मैनपुर मुख्यालय मे बना कमार विकास परिषद भवन जो आज जर्जर होकर गिरने के कगार पर पहुंँच गया है।
ज्ञात हो कि वर्ष 1996 में कमार विकास परिषद भवन का निर्माण कराया गया था। उद्देश्य था कि क्षेत्र के आदिम जन जाति कमार भाई बहन मासिक बैठक कर सामाजिक विकास पर चर्चा करें और कार्ययोजना तैयार करें। लेकिन आज यही भवन अपनी बदहाली की कहानी खुद बयां कर रहा है।
भवन की दीवारों से सीमेंट झड़ गया है, छड़ बाहर दिख रहे हैं। बरसात में छत से सीपेज मारता है। बिजली कनेक्शन भी कटा हुआ है। कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।इस संबंध में पूर्व सदस्य कमार विकास अभिकरण एवं जिला सचिव आदिवासी कांग्रेस गरियाबंद पीलेश्वर सोरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि समाज के ओर से नए भवन निर्माण के लिए कई बार कमार विकास अभिकरण में आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन आज तक न तो भवन की मरम्मत हुई और न ही नए भवन की स्वीकृति मिली। यह अपने आप में बेहद दुखद है।पीलेश्वर सोरी ने मांग की है कि अभिकरण तत्काल भवन का जीर्णोद्धार कराए या नया भवन स्वीकृत करे, ताकि कमार समाज की बैठकें और सामाजिक कार्य फिर से सुचारू रूप से हो सकें। उन्होंने कहा कि जब अभिकरण को करोड़ों रुपए मिलते हैं, तो कम से कम समाज का अपना भवन तो सुरक्षित होना ही चाहिए।
समाज के लोगों का कहना है कि अगर समय रहते भवन की सुध नहीं ली गई, तो 29 साल पुरानी यह धरोहर पूरी तरह खत्म हो जायेगी।