अयोध्या की तर्ज पर बिलासपुर में अरपा नदी पर बनने वाले राम सेतु के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट को फिलहाल रोक दिया गया है

Chhattisgarh Crimesअयोध्या की तर्ज पर बिलासपुर में अरपा नदी पर बनने वाले राम सेतु के सौंदर्यीकरण प्रोजेक्ट को फिलहाल रोक दिया गया है। इसके लिए शासन से स्वीकृत 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए की राशि अब लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन के सौंदर्यीकरण पर खर्च करने की तैयारी है। महापौर पूजा विधानी ने रामसेतु प्रोजेक्ट बंद करने और राशि का इस्तेमाल दूसरे कार्यों में करने की पुष्टि की है।

इस फैसले के बाद शहर की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम को घेरते हुए आरोप लगाया है कि भगवान श्रीराम के नाम पर स्वीकृत राशि का ही उद्देश्य बदल दिया गया। पार्टी ने फैसला वापस लेने की मांग की है और ऐसा नहीं होने पर क्रमबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने पत्रकार वार्ता कर इस मुद्दे पर नगर निगम प्रशासन से पांच सवाल पूछे। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए शासन ने अलग से राशि स्वीकृत की थी, डीपीआर तैयार हो चुका था और टेंडर तक जारी हो गया था, तो फिर परियोजना बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी? कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया कि क्या राशि का मद बदलने से पहले शासन से अनुमति ली गई है?

राम के नाम पर वोट लेते हैं, अब उसी नाम की राशि दूसरी जगह लगा रहे

शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने कहा कि, भाजपा राम के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आई है, लेकिन अब रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत राशि को दूसरे कामों में लगाने की तैयारी कर रही है। यह जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है। रामसेतु का नामकरण कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था और इसके विकास के लिए राशि भी इसी उद्देश्य से स्वीकृत हुई थी। फिर इसका मद बदलने का अधिकार किसे है?

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर आपसी खींचतान और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। एमआईसी सदस्यों के आपसी विवाद का खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस इस फैसले का विरोध करेगी और राशि को रामसेतु के सौंदर्यीकरण पर ही खर्च करने की मांग करेगी।

विधायक को खुश करने लखीराम ऑडिटोरियम संवारेंगे- शैलेष पांडेय

पूर्व विधायक शैलेष पांडेय ने कहा कि, भाजपा ने भगवान श्रीराम के नाम पर जनता से वोट लिया। रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए राशि भी स्वीकृत हुई, लेकिन अब उसी पैसे से लखीराम ऑडिटोरियम और कंपनी गार्डन का काम कराने की तैयारी है। यह भगवान श्रीराम के नाम और जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के महापौर पूजा विधानी अपने विधायक को खुश करने के लिए राम सेतु के नाम से जारी राशि को लखीराम ऑडिटोरियम में लगाने की बात कह रही है।

उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से राशि स्वीकृत हुई है, उसका उपयोग उसी काम में होना चाहिए। रामसेतु की राशि दूसरी जगह खर्च करना उचित नहीं है। कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ आंदोलन करेगी।

कांग्रेस के कार्यकाल में हुआ था पुल का नामकरण – रामशरण यादव

पूर्व महापौर रामशरण यादव ने कहा कि, उनके कार्यकाल में अंग्रेजों के जमाने के पुराने पुल का नामकरण रामसेतु किया गया था। इसके लिए नगर निगम में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित हुआ था। अब उसी रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत राशि दूसरी जगह खर्च करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि रामसेतु के नाम पर मिली राशि का उपयोग उसी के विकास में होना चाहिए।

रामसेतु को शहर की पहचान बनाएं, कांच वाला पुल बनाएं

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, रामसेतु के लिए स्वीकृत राशि उसी पर खर्च होनी चाहिए। पुल का ऐसा सौंदर्यीकरण किया जाए कि वह शहर की पहचान बने। उन्होंने कांच वाला सेतु बनाने की मांग भी रखी।

वहीं, कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडेय ने राशि का मद परिवर्तन जनता के साथ धोखा बताया। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य से शासन ने राशि स्वीकृत की, उसे बदलना उचित नहीं है। कांग्रेस इसका विरोध करेगी।

जानिए…क्या था रामसेतु सौंदर्यीकरण का प्लान?

राज्य शासन ने 15 जनवरी 2025 को रामसेतु के सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ 63 लाख 13 हजार रुपए स्वीकृत किए थे। पिल्लेवार एसोसिएट ने इसका डीपीआर तैयार किया था। एमआईसी से प्रस्ताव पारित होने के बाद टेंडर भी जारी किया गया था। योजना के तहत पुल को अयोध्या की तर्ज पर धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी थी।