रायगढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने होटल और ढाबों में जांच के दौरान फार्म हाउस किचन में एक्सपायरी मैदा पकड़ा। टीम ने मैदा नष्ट कराया। पनीर, व्हाइट वेज ग्रेवी और दाल मखनी के सैंपल लिए। कार्रवाई करते हुए किचन का लाइसेंस 3 दिन के लिए निलंबित कर उसे बंद कराया गया है।
जिले में 16 से 30 नवंबर तक ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत जांच टीम फार्म हाउस किचन पहुंची थी। यहां एक्सपायरी मैदा का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने मैदा नष्ट कराया और संदेह के आधार पर पनीर, व्हाइट वेज ग्रेवी और दाल मखनी के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं।
जांच टीम ने छातामुड़ा चौक स्थित अंगिठी आरके एंटरटेनमेंट में भी जांच की। यहां से बिरयानी राइस और पनीर के नमूने लिए गए। इसके अलावा छातामुड़ा चौक के प्रीमियम फैमिली ढाबा और अमलीभौना के श्री वैष्णो ढाबा की भी जांच की गई। टीम ने यहां संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
पानी की जांच और साफ-सफाई रखने के निर्देश
खाद्य विभाग की टीम ने होटल और ढाबा संचालकों को पानी की जांच कराने, कर्मचारियों का हेल्थ चेकअप कराने और पेस्ट कंट्रोल कराने के लिए कहा है। इसके अलावा खाने में रंगों का सीमित इस्तेमाल करने, अखबार में खाद्य सामग्री नहीं परोसने और एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
लैब रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, जिले के होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में लगातार जांच की जा रही है। अब तक रायगढ़, पुसौर और खरसिया समेत कई जगहों पर जांच की गई है। कुछ संस्थानों में साफ-सफाई की कमी मिली है, जबकि कुछ जगह एक्सपायरी सामग्री के इस्तेमाल की बात सामने आई है।
जांच के दौरान लिए गए सैंपल लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संस्थानों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।