रायपुर में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत के मामले में घटना के करीब 7 महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ

Chhattisgarh Crimesरायपुर में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत के मामले में घटना के करीब 7 महीने बाद बड़ा खुलासा हुआ है। SIT की जांच में परिवार के मुखिया साजिद अली को पत्नी और तीन बच्चों की हत्या का जिम्मेदार पाया गया है।

जांच के मुताबिक, कारोबारी साजिद ने पहले पत्नी और बच्चों को खाने में कीटनाशक दिया। इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में साजिद के सट्टे के कारोबार में नुकसान, नशे की लत और आर्थिक तंगी की बात सामने आई है।

साजिद अली के बैंक खातों में पिछले 5 साल में करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन मिला है। पुलिस ने आर्थिक तंगी को इस घटना की मुख्य वजह माना है। मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर का है।

सट्टे के कारोबार में हो रहा था नुकसान

साजिद अली गोलबाजार और डगनिया इलाके में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाता था। जांच में पता चला कि इस कारोबार में उसे नुकसान हो रहा था। बाद में उसने सट्टे का काम बंद कर दिया। इसके बाद उसकी आर्थिक स्थिति और खराब हो गई थी।

SIT ने साजिद के बैंक खातों की भी जांच की। पिछले 5 साल के दौरान खातों से करीब 70 लाख रुपए का लेनदेन मिला। जांच में सट्टे के कारोबार में नुकसान और उसके बंद होने के बाद पैदा हुई आर्थिक तंगी को परिवार की सामूहिक मौत की मुख्य वजह माना गया।

बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था साजिद

साजिद मौदहापारा में बैटरी रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। उसने पहले ठेला लगाया था। बाद में बैटरी का काम शुरू किया और अपनी दुकान खोल ली थी।

पुलिस जांच में पता चला कि वह नशे का आदी था और पिछले कुछ महीनों से मानसिक तनाव में रह रहा था। वह करीब 15 साल से अपने भाइयों और बहनों से अलग रह रहा था।

भिलाई में रहने वाले ससुराल पक्ष से भी उसका संपर्क बेहद कम था। पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि कुछ लोग उससे उधार दिए पैसे मांगने घर आते थे।