छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल की दूसरी मंजिल से 9वीं के एक छात्र ने छलांग लगा दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल के हॉस्टल की दूसरी मंजिल से 9वीं के एक छात्र ने छलांग लगा दी। इससे उसकी रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।

पिता का कहना है कि बेटा हॉस्टल में नहीं रहना चाहता था। वह वहां से भागकर अपनी बुआ के घर चला गया था, लेकिन स्कूल प्रबंधन उसे जबरन वापस हॉस्टल ले आया। उसे कमरे में बंद कर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई थी।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, HR, हॉस्टल वार्डन और मार्केटिंग हेड के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।

पिता से कहा- मुझे यहां अच्छा नहीं लग रहा

जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला छात्र सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता है। परिजनों ने उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था। दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद वह वापस हॉस्टल आया था।

पिता अरुण कुमार गुप्ता का कहना है कि, 22 नवंबर को बेटा हॉस्टल से भागकर आ गया। उसने मुझे कॉल कर कहा कि, मुझे यहां अच्छा नहीं लग रहा है। मैं हॉस्टल में नहीं रह सकता। हमने कहा कि, पढ़ने गए हो तो अच्छे से पढ़ो।

‘बुआ के घर से बच्चे को उठा ले गए’

इसके बाद बेटा हॉस्टल से भागकर बुआ के घर चला गया था। हमने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर कहा कि, बच्चे को हमारे आने तक मत ले जाइएगा। लेकिन हॉस्टल वाले जबरन बच्चे को उठाकर ले गए।

पिता बोले- हाथ-पैर तोड़ देने की धमकी दी

अरुण कुमार ने कहा मेरे जीजा उसके साथ हॉस्टल तक गए। जीजा ने परिजन के रूप में बच्चे को अपने पास ही रखने को कहा। लेकिन प्रबंधन ने देने से इनकार कर दिया। उसे उसी के कमरे में बंद कर दिया गया। उससे कहा गया कि, इस बार भागे तो हाथ-पैर तोड़ देंगे।