युमेन्द्र कश्यप/छत्तीसगढ़ क्राइम्स। बीजापुर में ही बुधवार, 25 नवंबर को ओडिशा में सक्रिय दो नक्सली कैडरों ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। इनमें नागमणि कुड़मे उर्फ शीला (32) और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू (26) शामिल हैं।
इन दोनों पर कुल 13 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, नागमणि संगठन में CyPCM और गंगा ACM रैंक पर सक्रिय था।
■ 2006 से संगठन में सक्रिय थी नागमणि
पुलिस के अनुसार, नागमणि बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के चिपुरभट्टी की रहने वाली है। वह 2006-07 में गांधी ताती उर्फ हरबू के जरिए PLGA सदस्य के रूप में संगठन में शामिल हुई थी। 2009 में उसे ACM, 2016 में DVCM और 2021 में ओडिशा राज्य की कंपनी नंबर 08 में CyPCM की जिम्मेदारी दी गई।
पुलिस ने बताया कि, नागमणि छत्तीसगढ़ और ओडिशा में कई नक्सली घटनाओं और मुठभेड़ों में शामिल रही है। इनमें 2011 की तिमापुर-चिंतलनार घटना, 2022 में ओडिशा के दड़ाईपानी और गरियाबंद जिले के ओड़ क्षेत्र की मुठभेड़, 2024 में ओडिशा के कंधमाल जिले के पाडेल क्षेत्र की मुठभेड़ शामिल हैं।
पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर छोड़ा संगठन
पुलिस के मुताबिक, दोनों नक्सली छत्तीसगढ़ सरकार की सरेंडर और पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के अभियान और पुनर्वास कार्यक्रमों से प्रभावित हुए। जिला पुलिस, DRG, कोबरा और CRPF के संयुक्त प्रयासों से उनका सरेंडर हुआ।