रायपुर के चर्चित ड्रग्स तस्करी मामले में एनडीपीएस की स्पेशल कोर्ट ने 9 आरोपियों में से 3 को दोषी ठहराते हुए 20-20 साल कैद की सजा सुनाई है। सजा पाने वालों में आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट और शुभम सोनी शामिल हैं।
वहीं, बाकी 6 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है। यह फैसला न्यायाधीश शैलेष शर्मा की कोर्ट ने सुनाया। मामले में कुल 20 लोगों ने गवाही दी थी। इसकी जानकारी सरकारी वकील स्वामी शर्मा ने दी।
बताया गया कि, आरोपी नाइजीरियन से ड्रग्स खरीदते थे। जिसे हिमाचल के होटल से छत्तीसगढ़ में सप्लाई करते थे।
शुभम के बयान के आधार पर बनाए गए थे 9 आरोपी
दरअसल, टिकरापारा थाने में साल 2024 में दर्ज मामले में आरोपी शुभम सोनी के मेमोरेंडम बयान के आधार पर 8 लोगों को आरोपी बनाया गया था।
इनमें आर्यन ठाकरे, नाइजीरियाई नागरिक इनोसेंट, ओयनका स्टीफेन, अमनदीप छाबड़ा, अभिषेक, लोकेश यादव और अशोक साहू के नाम शामिल थे। इस तरह मामले में कुल 9 आरोपी थे।
कसोल से दिल्ली तक फैला था ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क
पुलिस की जांच में रायपुर से हिमाचल प्रदेश के कसोल और दिल्ली तक ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क सामने आया था। आरोपियों के पास से चरस, एमडीएमए और कोकीन बरामद की गई थी।
कमल विहार में शुभम सोनी के पास मिली थी ड्रग्स और पिस्टल
पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2024 को मुखबिर की सूचना पर टिकरापारा पुलिस ने कमल विहार सेक्टर-4 चौक स्थित ऑक्सीजोन के पास कार्रवाई की थी।
इस दौरान शुभम सोनी के पास से 31.88 ग्राम चरस, 98 एमडीएमए टैबलेट (कुल वजन 45.08 ग्राम), एक लोहे की पिस्टल और खाली मैगजीन बरामद की गई थी। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, खाली कैप्सूल, एक लाख रुपए कैश और दो स्मार्टफोन भी मिले थे।