दंतेवाड़ा जिले में NMDC की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर आज 28 नवंबर को दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के बेरोजगार युवा किरंदुल और बचेली में बड़ा प्रदर्शन करने जा रहे हैं। स्थानीय युवाओं ने दोनों जगह NMDC की परियोजनाओं का काम बंद कराने की तैयारी की है।
आंदोलन में सैकड़ों युवाओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। युवाओं ने प्रदर्शन में शामिल होने वालों से सुबह 8 बजे किरंदुल के फुटबॉल ग्राउंड और बचेली के फुटबॉल ग्राउंड में पहुंचने की अपील की है। यहां से आगे की रणनीति के अनुसार आंदोलन में शामिल होंगे।
दंतेवाड़ा ASP जितेंद्र कुमार खूटे ने बताया कि, पुलिस ने आंदोलन को देखते हुए पूरी तैयारी की है। सैकड़ों जवानों की अलग-अलग स्थानों पर तैनाती की गई है। प्रदर्शन के दौरान गतिविधियों पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरों की भी व्यवस्था की गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस ने एक दिन पहले इन दोनों शहरों में फ्लैग मार्च भी निकाला। साथ ही लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें। किसी भी तरह की उपद्रव की स्थित होती है तो एक्शन लिया जाएगा।
NMDC ने राशन-पेट्रोल-डीजल का स्टॉक रखा
दूसरी तरफ आंदोलन को देखते हुए NMDC प्रबंधन ने भी अपनी तैयारियां की हैं। परियोजना परिसर में राशन सामग्री के साथ पेट्रोल और डीजल का स्टॉक किया गया है, ताकि किसी भी व्यवधान की स्थिति में जरूरी काम प्रभावित न हों। वहीं, परियोजना परिसर में प्रवेश करने वाले रास्तों पर बड़े गेट लगाए गए हैं। इन गेटों को बंद कर बाहरी लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
आदिवासी समाज में मतभेद
आंदोलन को लेकर आदिवासी समाज के दो संगठनों के अलग-अलग रुख भी सामने आए हैं। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष राजाराम वट्टी ने 27 नवंबर को बचेली के SDM और NMDC अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन से असहमति जताई है। संगठन का कहना है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने का मुद्दा महत्वपूर्ण है, लेकिन इसका समाधान बातचीत और संवाद से निकाला जाना चाहिए।
ज्ञापन में आंदोलन के दौरान सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों के कामकाज में बाधा, हिंसा और कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है।