महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया गया

Chhattisgarh Crimesमहादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को शनिवार को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 10 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

28 नवंबर तक मिली ED की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद एजेंसी ने आगे पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी। ED ने 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की थी। हिमांशु पर आरोप है कि उसने महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे।

इधर, हिमांशु ने ED के आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ चंद्राकर से कोई पैसा नहीं लिया और ED के पास इस कथित लेन-देन का कोई सबूत भी नहीं है। उसने दावा किया कि पूछताछ के दौरान एजेंसी के सभी सवालों के जवाब दिए हैं।

बचाव पक्ष बोला- सौरभ से कोई लेन-देन नहीं

हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में कहा कि 15 करोड़ रुपए लेने के आरोप का समर्थन करने के लिए कोई बैंक ट्रांजेक्शन या दूसरा ठोस सबूत नहीं है। उन्होंने बताया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि एक लॉ फर्म में काम करता है।

जान का खतरा बताया, जेल में सुरक्षा की मांग की

कोर्ट में पेशी के दौरान हिमांशु ने अपनी जान को खतरा बताया। उसने जेल में सुरक्षा देने के लिए कोर्ट में आवेदन भी दिया। इस पर कोर्ट ने जेलर को जेल के नियमों के मुताबिक उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद हिमांशु को न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।